Modi–Merz मुलाकात LIVE: साबरमती रिवरफ्रंट पहुंचे पीएम मोदी और जर्मन चांसलर, अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव का शुभारंभ

12 January 2026 Fact Recorder

National Desk: जर्मनी के चांसलर फ्रेडरिक मर्ज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निमंत्रण पर भारत की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर अहमदाबाद पहुंचे हैं। 12–13 जनवरी 2026 तक चलने वाली यह उनकी भारत की पहली आधिकारिक यात्रा है। दौरे की शुरुआत सांस्कृतिक और ऐतिहासिक कार्यक्रमों के साथ हुई।

सोमवार सुबह प्रधानमंत्री मोदी और चांसलर मर्ज एक साथ साबरमती आश्रम पहुंचे, जहां उन्होंने महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की। दोनों नेताओं ने आश्रम में गांधीजी द्वारा उपयोग किए गए चरखे को देखा और आगंतुक पुस्तिका में अपने विचार दर्ज किए।

इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी और जर्मन चांसलर एक ही वाहन में सवार होकर साबरमती रिवरफ्रंट पहुंचे, जहां उन्होंने अंतरराष्ट्रीय पतंग महोत्सव का उद्घाटन किया। इस अवसर पर भारत की सांस्कृतिक विरासत की झलक देखने को मिली और देश-विदेश से आए प्रतिभागियों ने उत्सव में भाग लिया।

इस दौरे के दौरान भारत और जर्मनी के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने पर चर्चा होगी। सूत्रों के अनुसार रक्षा सहयोग, खासतौर पर भारतीय नौसेना के लिए प्रस्तावित पनडुब्बी सौदे, व्यापार, तकनीक और कौशल विकास जैसे मुद्दे प्रमुख एजेंडे में शामिल हैं। साथ ही यूक्रेन संकट, वैश्विक सुरक्षा और अंतरराष्ट्रीय राजनीति जैसे वैश्विक विषयों पर भी दोनों नेताओं के बीच विचार-विमर्श होने की संभावना है।

दिन के आगे के कार्यक्रमों में महात्मा मंदिर में द्विपक्षीय बैठक, संयुक्त प्रेस वार्ता और अडालज बावड़ी का दौरा शामिल है। मंगलवार को चांसलर मर्ज बेंगलुरु जाकर उद्योग और विज्ञान से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।