‘युद्ध नशों विरुद्ध’: 311वें दिन, पंजाब पुलिस ने 23.3 किलोग्राम हेरोइन सहित 105 नशा तस्करों को किया काबू

‘डी-एडिक्शन’ हिस्से के रूप में, पंजाब पुलिस ने 41 व्यक्तियों को नशा छुड़ाऊ इलाज करवाने के लिए किया राज़ी

चंडीगढ़, 7 जनवरी 2026 Fact Recorder

Punjab Desk:  मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा प्रदेश में नशों के खात्मे के लिए छेड़ी गई नशों के विरुद्ध जंग “युद्ध नशों विरुद्ध” को लगातार 311वें दिन भी जारी रखते हुए, पंजाब पुलिस ने आज 313 स्थानों पर छापेमारी की, जिस दौरान प्रदेश भर में 77 एफआईआर दर्ज करके 105 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इससे 311 दिनों में गिरफ्तार किए गए कुल नशा तस्करों की संख्या 43,381 हो गई है।

इस छापेमारी के दौरान गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों के कब्जे से 23.3 किलोग्राम हेरोइन, 5 किलो भुक्की, 486 नशीली गोलियां/कैप्सूल तथा 6250 रुपये की ड्रग मनी बरामद की गई है।

ज़िक्रयोग्य है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा पुलिस कमिश्नरों, डिप्टी कमिश्नरों तथा सीनियर पुलिस सुपरिंटेंडेंट को पंजाब को नशा मुक्त प्रदेश बनाने के लिए कहा गया है। पंजाब सरकार ने नशों के विरुद्ध जंग की निगरानी के लिए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की अगुवाई में 5 सदस्यीय कैबिनेट सब कमेटी का भी गठन किया है।

इस ऑपरेशन के दौरान 73 गजेटेड अधिकारियों की निगरानी के तहत 1000 से अधिक पुलिस मुलाजिमों वाली 120 से अधिक पुलिस टीमों ने राज्य भर में 313 छापे मारे हैं। दिन भर चले इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस टीमों ने 333 संदिग्ध व्यक्तियों की भी जांच की है।

प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश से नशों के खात्मे के लिए तीन-स्तरीय रणनीति – इन्फोर्समेंट, डी-एडिक्शन तथा प्रिवेंशन (ईडीपी) – लागू की गई है और पंजाब पुलिस ने ‘डी-एडिक्शन’ हिस्से के रूप में आज 41 व्यक्तियों को नशा छुड़ाऊ तथा पुनर्वास इलाज करवाने के लिए राज़ी किया है।