सोनिया गांधी की तबीयत फिर बिगड़ी, दिल्ली के गंगा राम अस्पताल में भर्ती

06 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:  कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को सोमवार शाम को दिल्ली के गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया। पार्टी सूत्रों के अनुसार, उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है और उन्हें चेस्ट स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।

अस्पताल से जुड़े सूत्रों ने बताया कि सोनिया गांधी रूटीन चेकअप के लिए अस्पताल आई थीं। उन्हें पुरानी खांसी की समस्या है, जो खासकर दिल्ली के बढ़ते प्रदूषण के कारण अक्सर परेशान करती रहती है। इसी कारण उन्हें सोमवार शाम को भर्ती कर निगरानी में रखा गया।

सोनिया गांधी पिछले साल जून में भी स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के कारण गंगा राम अस्पताल में भर्ती हुई थीं। उस समय उन्हें पेट और गैस्ट्रो संबंधित समस्याओं के चलते ऑब्जर्वेशन में रखा गया था। इसके पहले वे हिमाचल प्रदेश में थीं, जहां 7 जून को इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल, शिमला में भी भर्ती कराना पड़ा था।

हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार नरेश चौहान ने बताया कि सोनिया गांधी को मामूली स्वास्थ्य समस्याओं के कारण रूटीन चेकअप के लिए लाया गया था। डॉक्टरों ने उनकी जांच की और उनकी स्थिति को स्थिर बताया। दिल्ली में उनका हालिया भर्ती भी इसी निगरानी और जांच के तहत की गई है।