जन्मदिन पर दीपिका पादुकोण का खास तोहफा: ‘द ऑनसेट प्रोग्राम’ लॉन्च, नए टैलेंट को मिलेगा बड़ा मंच

06 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Bollywood Desk:  सच्ची कहानियों और नए टैलेंट को आगे बढ़ाने की अपनी सोच को एक नया आयाम देते हुए अभिनेत्री दीपिका पादुकोण ने अपने जन्मदिन, 5 जनवरी को ‘द ऑनसेट प्रोग्राम’ की शुरुआत का ऐलान किया। यह पहल उनके ‘क्रिएट विद मी’ प्लेटफॉर्म का अगला चरण है, जिसका उद्देश्य भारतीय फिल्म, टेलीविजन और विज्ञापन जगत में उभरते क्रिएटिव आर्टिस्ट्स को पहचान दिलाना और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देना है।

इस प्रोग्राम के जरिए ऐसे युवाओं को मंच मिलेगा, जिनके पास टैलेंट तो है, लेकिन सही प्लेटफॉर्म की कमी है। ‘द ऑनसेट प्रोग्राम’ न केवल सीखने का अवसर देगा, बल्कि उन लोगों के लिए भी आगे बढ़ने का रास्ता खोलेगा, जिनके पास अपने प्रोजेक्ट्स को संभालने का अनुभव और हुनर मौजूद है। इसके पहले चरण में लेखन, निर्देशन, सिनेमैटोग्राफी, लाइटिंग, एडिटिंग, साउंड, आर्ट, कॉस्ट्यूम डिजाइन, हेयर स्टाइलिंग, मेकअप और प्रोडक्शन जैसे क्रिएटिव विभाग शामिल किए गए हैं।

अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर वीडियो साझा करते हुए दीपिका ने कहा,
“पिछले एक साल से मैं देश और विदेश से बेहतरीन क्रिएटिव टैलेंट को पहचानने और उन्हें देखने, सुनने और अनुभव करने का मंच देने को लेकर गहराई से सोच रही थी। ‘द ऑनसेट प्रोग्राम’ के लॉन्च को लेकर मैं बेहद उत्साहित हूं और अगली पीढ़ी के क्रिएटिव टैलेंट से सभी को मिलवाने का इंतजार कर रही हूं।” दीपिका पादुकोण का यह प्रोग्राम देश-विदेश के क्रिएटिव युवाओं के लिए खुला है। इच्छुक लोग इसकी आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना काम सबमिट कर सकते हैं और इंडस्ट्री के अनुभवी प्रोफेशनल्स के साथ काम करने का मौका पा सकते हैं।

वर्कफ्रंट की बात करें तो
दीपिका पादुकोण आखिरी बार फिल्म कल्कि 2898 एडी में नजर आई थीं। साल 2025 में वह किसी फिल्म में दिखाई नहीं दीं, जबकि 2024 में फाइटर, कल्कि 2898 एडी और सिंघम अगेन जैसी बड़ी फिल्मों का हिस्सा रहीं। आने वाले समय में वह साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन और निर्देशक एटली की फिल्म AA22xA6 के साथ-साथ शाहरुख खान के साथ फिल्म ‘किंग’ में नजर आएंगी।