31 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में बुधवार को प्रतिष्ठा द्वादशी के पावन अवसर पर रामलला का भव्य अभिषेक किया जाएगा। इस विशेष धार्मिक अनुष्ठान में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भाग लेंगे। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच होने वाले इस अभिषेक में यज्ञ, हवन और पारंपरिक पूजन विधियां संपन्न कराई जाएंगी।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सुबह करीब 11 बजे अयोध्या पहुंचेंगे और लगभग चार घंटे तक मंदिर परिसर में रहकर विभिन्न अनुष्ठानों में शामिल होंगे। इस दौरान वह परकोटा में स्थित अन्नपूर्णा मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण भी करेंगे। रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में चल रहे पाटोत्सव के तहत यह दिन विशेष महत्व रखता है।
अनुष्ठान के बाद रक्षा मंत्री मंदिर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेंगे और अंगद टीला परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। उनका दोपहर 3:20 बजे अयोध्या से प्रस्थान करने का कार्यक्रम है।
रक्षा मंत्री के आगमन को देखते हुए अयोध्या में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात हैं। वहीं, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दर्शन और आवागमन की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। प्रतिष्ठा द्वादशी के अवसर पर पूरी अयोध्या राममय वातावरण में डूबी हुई है, जहां भजन-कीर्तन, रामकथा और जय श्रीराम के उद्घोष से उत्सव का उल्लास चरम पर है।













