मौसम का कहर: पहाड़ों से मैदान तक घना कोहरा, उत्तर भारत में शीतलहर; कई शहरों में दृश्यता 50 मीटर से भी कम

25 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:  उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में घने कोहरे और शीतलहर का प्रकोप जारी है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड से लेकर दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा तक रात और सुबह के समय बेहद घना कोहरा छाया हुआ है। कई स्थानों पर दृश्यता 50 मीटर से भी कम दर्ज की गई, जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में अत्यधिक घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि पंजाब, हरियाणा और आसपास के राज्यों में यलो अलर्ट लागू किया गया है। आईएमडी के अनुसार, उत्तर, मध्य और पूर्वी भारत के कई हिस्सों में 31 दिसंबर तक घने कोहरे से राहत मिलने की संभावना कम है।

उत्तर प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में रात और सुबह के समय बहुत घना कोहरा छाए रहने की आशंका जताई गई है। वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 29 दिसंबर तक, जम्मू संभाग के कुछ क्षेत्रों में 27 दिसंबर तक तथा बिहार, ओडिशा और पूर्वोत्तर भारत के कुछ इलाकों में भी 29 दिसंबर तक कोहरे का असर बना रह सकता है।

पंजाब और हरियाणा में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि फरीदकोट, अमृतसर, लुधियाना और अन्य शहरों में भी पारा सामान्य से नीचे बना हुआ है। हरियाणा के नारनौल में न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

हालांकि, कश्मीर घाटी में ठंड का असर कुछ कम हुआ है। हालिया बर्फबारी और बारिश के बाद बादल छाए रहने से न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि घाटी के अधिकांश इलाकों में पारा हिमांक बिंदु से ऊपर रहा।

आईएमडी ने लोगों को सतर्क रहने, यात्रा के दौरान सावधानी बरतने और कोहरे के समय आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह दी है।