23 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Entertainment Desk: टीवी का पॉपुलर रियलिटी शो ‘लाफ्टर शेफ्स’ अपने तीसरे सीजन के साथ लगातार टीआरपी चार्ट्स में टॉप पर बना हुआ है। इसी बीच शो को लेकर एक खबर ने फैंस को चौंका दिया। सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई कि शो की जान और होस्ट भारती सिंह को अर्जुन बिजलानी ने रिप्लेस कर दिया है। लेकिन क्या वाकई भारती सिंह शो से बाहर हो गई हैं? इस वायरल खबर की सच्चाई कुछ और ही है।
दरअसल, हाल ही में भारती सिंह ने अपने दूसरे बेटे को जन्म दिया है और फिलहाल वह मैटरनिटी ब्रेक पर हैं। उनकी गैरमौजूदगी के चलते अफवाहें उड़ने लगीं कि मेकर्स ने अर्जुन बिजलानी को नया होस्ट बना लिया है। हालांकि, सूत्रों के मुताबिक यह दावा पूरी तरह गलत है। अर्जुन बिजलानी शो में भारती सिंह को रिप्लेस नहीं कर रहे हैं।
असल में अर्जुन बिजलानी की एंट्री भारती की जगह नहीं, बल्कि करण कुंद्रा की जगह हुई है। करण इन दिनों चेन्नई में अपने रियलिटी शो ‘स्प्लिट्सविला’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। ऐसे में उनकी गैरहाजिरी के दौरान आने वाले वीकेंड एपिसोड्स में अर्जुन बिजलानी शो का हिस्सा बनकर नजर आएंगे। इससे पहले भी शो में मिस्टर फैसू, जन्नत जुबैर और रीम शेख जैसे सितारे अन्य कंटेस्टेंट्स की जगह नजर आ चुके हैं।
कब लौटेंगी ‘हंसी की रानी’ भारती सिंह?
भारती सिंह और हर्ष लिंबाचिया ने 19 दिसंबर 2025 को अपने दूसरे बेटे का स्वागत किया है। फिलहाल भारती अपने नवजात बच्चे के साथ समय बिता रही हैं और रिकवरी पर फोकस कर रही हैं। हालांकि, उनके वर्कहोलिक स्वभाव को देखते हुए माना जा रहा है कि वह कुछ ही हफ्तों में शूटिंग पर लौट सकती हैं। गौरतलब है कि अपने पहले बेटे गोला के जन्म के सिर्फ 12 दिन बाद ही भारती शो ‘खतरा खतरा’ के सेट पर वापस आ गई थीं।
अर्जुन के साथ निया शर्मा की भी वापसी
अर्जुन बिजलानी के अलावा शो की ओजी कंटेस्टेंट निया शर्मा भी ‘लाफ्टर शेफ्स’ में गेस्ट के तौर पर वापसी कर रही हैं। वह अपने शो ‘स्प्लिट्सविला’ को प्रमोट करने के लिए नजर आएंगी। हाल ही में उन्हें नीले गाउन में सेट पर स्पॉट किया गया था। इसके अलावा अभिषेक कुमार और समर्थ जुरैल की जोड़ी भी एक बार फिर दर्शकों को हंसाने लौट आई है।
इस सीजन में तेजस्वी प्रकाश, विवियन डीसेना, ईशा मालवीय, ईशा सिंह और टीवी के पावर कपल गुरमीत चौधरी–देबिना बनर्जी भी पहली बार कुकिंग करते नजर आ रहे हैं। कुल मिलाकर, भारती सिंह की ‘कुर्सी’ सुरक्षित है और अर्जुन बिजलानी की एंट्री सिर्फ एक अस्थायी बदलाव का हिस्सा है, न कि किसी को रिप्लेस करने की कहानी।













