हरियाणा में 23वां जिला बना हांसी: राज्य सरकार ने जारी किया नोटिफिकेशन, हिसार की सीमाओं में बदलाव

22 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Haryana Desk: हरियाणा के लिए आज का दिन ऐतिहासिक बन गया है। राज्य सरकार ने हांसी को आधिकारिक रूप से हरियाणा का 23वां जिला घोषित कर दिया है। इस संबंध में सरकार की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है, जिसके साथ ही प्रदेश में जिलों की संख्या 22 से बढ़कर 23 हो गई है।

यह नोटिफिकेशन हरियाणा की अपर मुख्य सचिव एवं वित्तायुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा द्वारा जारी किया गया है। अधिसूचना के अनुसार, हांसी को नया जिला बनाने के लिए हिसार जिले की प्रशासनिक सीमाओं में बदलाव किया गया है। नए हांसी जिले में हांसी और नारनौंद उप-मंडल शामिल किए गए हैं। इसके लिए रजिस्ट्रीकरण अधिनियम, 1908 और हरियाणा भू-राजस्व अधिनियम, 1887 के तहत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग किया गया है।

सीएम नायब सैनी ने निभाया वादा
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने 16 दिसंबर को हांसी में आयोजित विकास रैली के दौरान हांसी को जिला बनाने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि एक सप्ताह के भीतर इसकी अधिसूचना जारी कर दी जाएगी। अब सरकार ने तय समय में नोटिफिकेशन जारी कर अपना वादा पूरा कर दिया है। मुख्यमंत्री का कहना है कि हांसी को जिला बनाए जाने से प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत होगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।

हांसी में जश्न का माहौल
जिला बनाए जाने की घोषणा के बाद हांसी के लोगों में खुशी की लहर दौड़ गई है। लंबे समय से स्थानीय लोग हांसी को जिला बनाने की मांग कर रहे थे। इससे पहले वर्ष 2017 में हांसी को पुलिस जिला बनाया गया था। अब हिसार जिले से अलग होकर हांसी को स्वतंत्र जिला का दर्जा मिल गया है, जिससे स्थानीय लोगों को प्रशासनिक सुविधाएं और विकास कार्यों का सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।