12 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Punjab Desk: अमृतसर में एक निजी स्कूल को शुक्रवार सुबह ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिसके बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही स्कूल को तुरंत खाली कराया गया और पुलिस ने पूरे परिसर की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।
अमृतसर पुलिस, बम स्क्वाड, फायर ब्रिगेड और डॉग स्क्वाड की टीमें मौके पर पहुंचकर चप्पे-चप्पे की तलाशी ले रही हैं। अभी तक जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, लेकिन पुलिस इसे हल्के में नहीं ले रही और हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि यह किसी की शरारत भी हो सकती है।
अमृतसर एक संवेदनशील सीमावर्ती जिला है, इसलिए यहां सुरक्षा को लेकर पुलिस अधिक सतर्क है। स्कूल के आसपास का इलाका घेराबंदी कर साफ कर दिया गया है और लोगों को दूरी बनाए रखने को कहा गया है।
गौरतलब है कि हाल के महीनों में दिल्ली-एनसीआर के कई स्कूलों को भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं, लेकिन हर बार जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला और धमकियां फर्जी पाई गईं। पुलिस मामले की गहन जांच जारी रखे हुए है।













