11 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Bollywood Desk: दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि देने के लिए हेमा मालिनी ने गुरुवार को दिल्ली में विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया। धर्मेंद्र का 24 नवंबर 2025 को निधन हो गया था। इससे पहले सनी देओल और बॉबी देओल ने 27 नवंबर को ‘सेलिब्रेशन ऑफ लाइफ’ के साथ पहली प्रार्थना सभा आयोजित की थी। हेमा मालिनी ने भी उसी दिन अपने मुंबई आवास पर एक निजी सभा रखी थी।
अब 11 दिसंबर को दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में हेमा मालिनी ने दूसरी प्रार्थना सभा आयोजित की। इस दौरान उनकी दोनों बेटियां—एशा देओल और अहाना देओल भी मौजूद रहीं। एशा और हेमा ने धर्मेंद्र की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। एशा सफेद सूट में दिखाई दीं और पिता को खोने का गम उनके चेहरे पर साफ झलक रहा था।
सभा में कई बड़े नेता भी पहुंचे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला, केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण, अश्विनी वैष्णव, भूपेंद्र यादव, जितेंद्र सिंह, प्रह्लाद जोशी, बांसुरी स्वराज सहित कई गणमान्य लोग धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी प्रार्थना सभा में शामिल हुईं। कार्यक्रम शाम 4 बजे से 6 बजे तक चला।
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने धर्मेंद्र को याद करते हुए कहा कि उनका जाना फिल्म इंडस्ट्री के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र न सिर्फ महान अभिनेता थे बल्कि अच्छे सांसद और सरल हृदय इंसान भी थे, जिन्हें हमेशा याद किया जाएगा।











