06 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Chandigarh Desk: चंडीगढ़ में ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण शहर का तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 6.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से क्रमशः एक और पांच डिग्री कम है।
मौसम विभाग ने शनिवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया है और शीतलहर की चेतावनी देते हुए लोगों को आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है। दिन में हल्की धूप के बावजूद ठंडक बनी रहेगी, जबकि सुबह और शाम को तेज हवाओं के कारण ठिठुरन बढ़ सकती है। कुछ क्षेत्रों में हल्की धुंध के कारण विजिबिलिटी भी प्रभावित हुई।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहनें और सुबह-शाम के समय अनावश्यक रूप से बाहर जाने से बचें।













