हम जादुई छड़ी नहीं घुमा सकते’—दिल्ली-NCR प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, कहा: समाधान बताइए

हम जादुई छड़ी नहीं घुमा सकते’—दिल्ली-NCR प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, कहा: समाधान बताइए

27 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:  दिल्ली-NCR में बढ़ते प्रदूषण पर सुप्रीम कोर्ट ने गहरी चिंता जताई है। एमिकस क्यूरी अपराजिता सिंह ने जब कोर्ट को बताया कि क्षेत्र में हालात “स्वास्थ्य आपातकाल” जैसे हैं, तो मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने कहा—“न्यायिक मंच कोई जादुई छड़ी नहीं घुमा सकता। हमें बताइए कि हम क्या दिशा-निर्देश जारी कर सकते हैं?”
सीजेआई ने कहा कि समस्या कई कारणों का परिणाम है और इसे एक कारण तक सीमित समझना बड़ी गलती होगी। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों और वैज्ञानिकों से राय लेकर ही सभी क्षेत्रों के लिए समाधान तय किए जा सकते हैं।
‘कागजों पर बनी समितियों से काम नहीं चलेगा’
मुख्य न्यायाधीश ने कहा कि प्रदूषण रोकने के लिए बनी ज्यादातर समितियां सिर्फ कागजों तक सीमित रहीं, इसलिए ठोस परिणाम सामने नहीं आए। उन्होंने नियमित निगरानी की जरूरत पर जोर दिया।

वर्चुअल सुनवाई पर भी विचार
CJI सूर्यकांत ने कहा कि यदि बार एसोसिएशन प्रस्ताव लाता है, तो सुप्रीम कोर्ट वायु प्रदूषण को देखते हुए कुछ समय के लिए सुनवाई को वर्चुअल मोड पर करने पर विचार कर सकता है। उन्होंने बताया कि खराब हवा के चलते सुबह की सैर के बाद उन्हें सांस लेने में कठिनाई हुई।
सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले पर अगली सुनवाई 3 दिसंबर को तय कर दी है।