शेख हसीना के दो लॉकरों से मिले 10 किलो सोने के बार–देशभर में सवाल, सोने का स्रोत अब भी रहस्य

शेख हसीना के दो लॉकरों से मिले 10 किलो सोने के बार–देशभर में सवाल, सोने का स्रोत अब भी रहस्य

26 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

International Desk: बांग्लादेश की अपदस्थ पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना एक बार फिर सुर्खियों में हैं। ढाका स्थित अग्रणी बैंक (Agrani Bank) की मुख्य शाखा में उनके नाम पर मौजूद दो लॉकर—नंबर 751 और 753—को मंगलवार दोपहर कोर्ट आदेश पर खोला गया। लॉकर खोलने के बाद अधिकारियों को अंदर से करीब 832 भरी, यानी लगभग 10 किलो सोने के गहने और बार मिले, जिसने पूरे देश में तहलका मचा दिया है।

इन लॉकरों को NBR के सेंट्रल इंटेलिजेंस सेल (CIC) ने 17 सितंबर को सीज़ किया था। मंगलवार को CIC, एंटी करप्शन कमीशन (ACC), मजिस्ट्रेट और बैंक अधिकारियों की टीम की मौजूदगी में लॉकर तोड़े गए। हालांकि, अभी तक शेख हसीना या उनकी पार्टी की तरफ से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

सोना कहां से आया? जवाब कल मिलेगा
अधिकारियों के अनुसार, सोने की विस्तृत ज़ब्ती सूची और उसके स्रोत की जानकारी बुधवार को सार्वजनिक की जाएगी। ACC ने संकेत दिया है कि लॉकरों में सोने के अलावा कुछ और महत्वपूर्ण दस्तावेज या सामान भी हो सकते हैं, जिसकी पुष्टि अंतिम रिपोर्ट में होगी। अग्रणी बैंक के एमडी ने भी लॉकर खुलने की पुष्टि की, लेकिन पूरे ब्योरे की जानकारी उनके पास नहीं है।

पुबाली बैंक में भी लॉकर सीज़
यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 10 सितंबर को पुबाली बैंक में शेख हसीना का एक और लॉकर भी सीज़ किया गया था। वहीं, इसी शाखा में उनके दो खातों से 56 लाख टका बरामद हुए—
12 लाख टका FDR में,
44 लाख टका सेविंग अकाउंट में।
इन अकाउंट्स को भी NBR ने सीज़ कर लिया है। जांच एजेंसियों का कहना है कि सभी लॉकरों और खातों की पूरी सूची तैयार होने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।