26 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Sports Desk: भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज में बढ़त लेने के बावजूद साउथ अफ्रीका के कोच शुकरी कोनराड के विवादित बयान ने नया बवाल खड़ा कर दिया है। गुवाहाटी टेस्ट के चौथे दिन उन्होंने कहा कि वे भारतीय टीम को “घुटनों के बल रेंगते हुए देखना चाहते थे”, जिसके लिए उन्होंने अंग्रेज़ी का शब्द ‘Grovel’ इस्तेमाल किया—एक ऐसा शब्द जिसका इतिहास नस्लीय विवादों से जुड़ा है।
1976 में इंग्लैंड कप्तान टोनी ग्रेग द्वारा यही शब्द वेस्टइंडीज के लिए इस्तेमाल किया गया था, जिसने तब बड़ा तूफान खड़ा कर दिया था। अब 49 साल बाद फिर यही शब्द सुनकर भारतीय दिग्गज अनिल कुंबले भड़क उठे और उन्होंने कोच को घमंड छोड़ विनम्रता अपनाने की सलाह दी।
पूर्व तेज गेंदबाज डेल स्टेन ने भी कोनराड की खिंचाई करते हुए कहा कि ऐसे शब्द क्रिकेट की मर्यादा के खिलाफ हैं और वे इस बयान का बिल्कुल समर्थन नहीं करते। विवाद के बावजूद साउथ अफ्रीकी टीम सीरीज जीत के करीब है, लेकिन कोच की टिप्पणी ने खेलभावना पर सवाल खड़े कर दिए हैं।













