किसी भी हाल में परीक्षा नहीं होने देंगे’: पीयू बचाओ मोर्चा का ऐलान, बंद होंगे गेट, बिगड़ सकता है पंजाब यूनिवर्सिटी का माहौल

किसी भी हाल में परीक्षा नहीं होने देंगे’: पीयू बचाओ मोर्चा का ऐलान, बंद होंगे गेट, बिगड़ सकता है पंजाब यूनिवर्सिटी का माहौल

चंडीगढ़ 25 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Chandigarh Desk:  पंजाब यूनिवर्सिटी (PU) में बुधवार को माहौल तनावपूर्ण बने रहने की संभावना है। पीयू बचाओ मोर्चा ने ऐलान किया है कि वे किसी भी हाल में परीक्षाओं को आयोजित नहीं होने देंगे। इसके तहत गेट नंबर एक और दो को पूरी तरह बंद करने की तैयारी की गई है। मोर्चा ने आज शाम बैरीकेडिंग हटाने की भी घोषणा की।

कुलपति प्रो. रेनू विग की अध्यक्षता में सोमवार को यूनिवर्सिटी टीचिंग डिपार्टमेंट्स (UTD) के सभी चेयरपर्सन की बैठक हुई थी। इसमें आगामी शैक्षणिक सत्र की रूपरेखा और प्रवेश अभियान को मजबूत करने पर चर्चा की गई। कुलपति ने स्पष्ट किया कि 26 नवंबर को विश्वविद्यालय में कार्य दिवस रहेगा और सभी शिक्षक एवं विभागाध्यक्ष सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक विभागों में उपस्थित रहें।

कुलपति ने विद्यार्थियों को समझाया कि विरोध करना उनका अधिकार है, लेकिन परीक्षा देना चाहने वाले छात्रों का अधिकार भी उतना ही महत्वपूर्ण है। अधिकांश विद्यार्थी परीक्षाओं में शामिल होना चाहते हैं। कुलपति ने कहा कि परीक्षाओं में बाधा डालने से प्लेसमेंट, अकादमिक कैलेंडर और यूनिवर्सिटी की रैंकिंग प्रभावित हो सकती है।

प्रवेश प्रक्रिया को लेकर कुलपति ने सभी विभागों को प्रचार तेज करने के निर्देश दिए। प्रवेश की अंतिम तिथि 14 दिसंबर है और PU CET UG परीक्षा 28 दिसंबर को आयोजित की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों के चेयरपर्सन और पब्लिक रिलेशंस डायरेक्टर को शामिल करते हुए एक विशेष समिति गठित करने की घोषणा की, ताकि प्रवेश अनुसूची का व्यापक प्रचार किया जा सके।

कुलपति ने कहा कि इस बार प्रवेश अभियान को पहले शुरू किया गया है, इसलिए विभागों को ब्रॉशर, फ्लायर और सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी विशेषताओं को उजागर करना चाहिए। विशेष रूप से कक्षा 12 के छात्रों तक पहुंच बनाई जाए, और NEP आधारित कोर्स, होटल मैनेजमेंट प्रोग्राम और अन्य नई संभावनाओं को प्रमुखता दी जाए।

बैठक में डीन यूनिवर्सिटी इंस्ट्रक्शन प्रो. योजना रावत, रजिस्ट्रार प्रो. वाईपी वर्मा, प्रो. मीनाक्षी गोयल, कंट्रोलर ऑफ एग्जामिनेशन प्रो. जगत भूषण, एफडीओ डॉ. विक्रम नैयर और सभी शिक्षण विभागों के चेयरपर्सन उपस्थित रहे।