हिमाचल में 10वीं में फेल नहीं होंगे छात्र, सरकार ने सुधार नीति को दी मंजूरी

हिमाचल में 10वीं में फेल नहीं होंगे छात्र, सरकार ने सुधार नीति को दी मंजूरी

10 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Himachal Desk: हिमाचल में 10वीं के छात्रों के लिए बड़ी राहत, सरकार ने सुधार नीति को दी मंजूरी हिमाचल प्रदेश के 10वीं कक्षा के विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश सरकार ने स्कूल शिक्षा बोर्ड की इंप्रूवमेंट पॉलिसी (सुधार नीति) को औपचारिक रूप से मंजूरी दे दी है। इस फैसले के लागू होते ही मार्च 2026 से होने वाली 10वीं की बोर्ड परीक्षा में कोई भी विद्यार्थी फेल नहीं होगा और कंपार्टमेंट की व्यवस्था समाप्त हो जाएगी।

नई नीति के अनुसार, विद्यार्थियों पर शैक्षणिक दबाव कम होगा और उन्हें पढ़ाई सुधारने का अतिरिक्त अवसर मिलेगा। इसके तहत शिक्षा बोर्ड साल में दो बार परीक्षा आयोजित करेगा। पहली परीक्षा मार्च में होगी, जबकि सुधार परीक्षा जून-जुलाई में होगी। मार्च की मुख्य परीक्षा में असफल रहने वाले छात्रों को जून-जुलाई में दूसरा मौका मिलेगा, जिससे उनका पूरा साल बर्बाद नहीं होगा।

सुधार नीति में फेल और कंपार्टमेंट जैसे शब्द पूरी तरह हटा दिए जाएंगे। फिलहाल यह नीति 10वीं कक्षा के लिए लागू होगी, जबकि शिक्षा विभाग 12वीं कक्षा में इसे लागू करने की संभावनाओं पर भी काम कर रहा है। बोर्ड के सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि नीति को सरकार से मंजूरी मिल चुकी है और जल्द ही इसकी अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।