06 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Haryana Desk: फतेहाबाद के किसान विकास कुमार का मुर्रा नस्ल का झोटा ‘कुबेर’ राजस्थान के पुष्कर पशु मेले में छा गया। 21 करोड़ रुपये की बोली लगने के बावजूद विकास ने इसे बेचने से इनकार कर दिया। कुबेर ने मेले में चैंपियनशिप जीतकर इतिहास रच दिया और अब राजस्थान सरकार बुधवार को इसे और इसके मालिक को विशेष सम्मान देगी।
कुबेर की खासियत
कुबेर की उम्र 3.5 साल है और यह पूरी तरह शुद्ध मुर्रा नस्ल का है। इसकी ऊँचाई 5.5 फुट और चमकदार काले रंग ने इसे मेले में सबकी नजरों का केंद्र बना दिया। कुबेर की मां भी दूध उत्पादन में चैंपियन रही है, जिसने पहले 23.5 लीटर दूध देकर जिला स्तर पर इनाम जीता था। विकास कुबेर को खल-बिनौला, चना, दूध और घी खिलाकर उसकी सेहत और ताकत बनाए रखते हैं।
बिक्री नहीं, सीमन बैंक में रखा जाएगा
विकास ने कुबेर को बेचने के बजाय सीमन बैंक में रखने का फैसला किया है। इससे हाई क्वालिटी सीमन तैयार कर किसानों को सस्ते दामों पर मिलेगा और मुर्रा नस्ल सुधार को बढ़ावा मिलेगा। कुबेर की 21 करोड़ कीमत के बाद हरियाणा, पंजाब और राजस्थान से सीमन बुकिंग के लिए लगातार फोन आ रहे हैं।
हरियाणा का गौरव
पशुपालन विभाग फतेहाबाद के उपनिदेशक सुखविंदर सिंह ने कहा कि कुबेर की इतनी कीमत जिले और राज्य के लिए गर्व की बात है। इसे जल्द ही हरियाणा राज्य स्तरीय पशुधन मेले में भी प्रदर्शित किया जाएगा। कुबेर ने न केवल मालिक का, बल्कि पूरे हरियाणा का नाम रोशन कर दिया है।













