Home Hindi मुंबई में जलभराव से जनजीवन प्रभावित, बीच रास्ते अटकी मोनोरेल

मुंबई में जलभराव से जनजीवन प्रभावित, बीच रास्ते अटकी मोनोरेल

मुंबई में जलभराव से जनजीवन प्रभावित, बीच रास्ते अटकी मोनोरेल

15 सितंबर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk: महाराष्ट्र में बारिश का कहर, मुंबई में जलभराव और मोनोरेल ठप                                    मुंबई, ठाणे और रायगढ़ में भारी बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ घंटों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

रविवार देर रात से जारी भारी बारिश ने मुंबई की रफ्तार थाम दी है। कई निचले इलाकों में पानी भर गया है, जिससे यातायात और लोकल ट्रेन सेवाओं पर असर पड़ा। कुर्ला और बांद्रा स्टेशन के पटरियों पर पानी जमा हो गया, जिससे लोकल ट्रेनें देरी से चलीं। किंग्स सर्कल इलाके में सड़कों पर नहर जैसे हालात हो गए।

इस बीच, सोमवार सुबह वडाला में तकनीकी खराबी के कारण मोनोरेल बीच रास्ते रुक गई। मोनोरेल में सवार 17 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। दमकल विभाग और मोनोरेल की तकनीकी टीम ने संयुक्त ऑपरेशन कर ट्रेन को कपलिंग के जरिए वडाला तक खींचा। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

स्थानीय पार्षदों और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) के नेताओं ने मोनोरेल की बार-बार आने वाली तकनीकी खामियों पर चिंता जताते हुए सरकार से स्थायी समाधान की मांग की है।

बारिश का सबसे ज्यादा असर कोलाबा (88.2 मिमी), बांद्रा (82 मिमी), और बायकुला (73 मिमी) में दर्ज किया गया, जबकि सांताक्रूज और महालक्ष्मी में तुलनात्मक रूप से कम बारिश हुई।