किन्नौर में भयानक लैंडस्लाइड, NH-5 धंसा; हिमाचल आपदाग्रस्त राज्य घोषित

हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और लैंडस्लाइड से तबाही का सिलसिला जारी है। किन्नौर में एक भीषण भूस्खलन के दौरान पहाड़ टूटकर भारी
02 सितम्बर 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Himachal Desk:  हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और लैंडस्लाइड से तबाही का सिलसिला जारी है। किन्नौर में एक भीषण भूस्खलन के दौरान पहाड़ टूटकर भारी-भरकम चट्टानें नीचे गिरीं। इसकी चपेट में आने से नेशनल हाईवे-5 बीच से धंस गया और सड़क खाई में तब्दील हो गई। सौभाग्य से हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। फिलहाल मलबा हटाने का कार्य जारी है और सड़क यातायात बंद है।

लगातार आपदाओं के बीच हिमाचल प्रदेश को आपदाग्रस्त राज्य घोषित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि जलवायु परिवर्तन और ग्लोबल वॉर्मिंग इस विनाश के प्रमुख कारण हैं। उन्होंने वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों से दीर्घकालिक समाधान की योजना बनाने की बात कही।

सरकार और प्रशासन ने लोगों को नदी-नालों के किनारे न जाने, ऊंचाई वाले इलाकों में सावधानी बरतने और केवल आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है। पर्यटकों को भी सुरक्षित क्षेत्रों का चयन करने की सलाह दी गई है।

हिमाचल में फिलहाल बारिश का दौर जारी है और खतरे वाले इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।