मंडी, 12 अगस्त 2026 Fact Recorder
Himachal Desk: औद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय थुनाग स्थित गुडैहरी (गोहर) की ओर से बीएससी ऑनर्स औद्यानिकी (हॉर्टिकल्चर) और वानिकी (फॉरेस्ट्री) के तीसरे साल के छात्रों के लिए सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया।
राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के अंतर्गत 3 अगस्त से 9 अगस्त, 2026 तक आयोजित इस शिविर में छात्रों ने विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया। इस दौरान कॉलेज परिसर की साफ-सफाई, कॉलेज सम्पर्क सड़क की मरम्मत में सहयोग, जलाशयों की सफाई, युवा संवाद, खरपतवार हटाना, पेड़ लगाने के अभियान सहित सांस्कृतिक व खेलकूद की गतिविधियाँ भी आयोजित की गईं।
राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. नेहा ठाकुर और डॉ. सुनील मारपा ने बताया कि ऐसे शिविर आयोजित करने का उद्देश्य छात्रों में सामूहिक समन्वय, टीम भावना का विकास, पर्यावरण संरक्षण, बेहतर वार्तालाप, निर्णय क्षमता में बढ़ोतरी, समस्या सुलझाने, सामुदायिकता की भावना और नागरिक ज़िम्मेदारी जैसे कौशल और नज़रिए को विकसित करना है। इससे छात्रों को एकता और सेवा का महत्व समझने में मदद मिली।











