डिप्टी कमिश्नर ने समागम में मुख्य मेहमान के तौर पर की शिरकत शिविर के दौरान 21 लाभार्थियों को मौके पर लगाए गए कृत्रिम अंग
होशियारपुर, 22 अगस्त 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Punjab Desk: डिप्टी कमिश्नर-कम-अध्यक्ष जिला रेड क्रॉस सोसायटी आशिका जैन के कुशल नेतृत्व में संचालित जिला रेड क्रॉस सोसायटी का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद, गरीब, अंग-विकलांग और विधवा महिलाओं की सहायता करना है। इस उद्देश्य को पूरा करने के लिए समय-समय पर रेड क्रॉस सोसायटी द्वारा विभिन्न स्थानों पर शिविरों का आयोजन कर जनसेवा की जाती है।
इसी कड़ी में सोसायटी की ओर से रेड क्रॉस कार्यालय में एक्ट ह्यूमेन सोसायटी लुधियाना के सहयोग से कृत्रिम अंग लगाने के लिए एक निःशुल्क शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में एक्ट ह्यूमेन सोसायटी की संस्थापक हरलीन कौर, जनरल मैनेजर दीप कालरा, फूप्रो मोहाली के संस्थापक निमिष मेहरा, ज्ञान सिंह जी और सुरिंदर कौर, एन.आर.आई. (कनाडा) के सहयोग से 21 लाभार्थियों को निःशुल्क कृत्रिम अंग लगाए गए। ये वे लाभार्थी थे, जिनके एक या दोनों पैर किसी दुर्घटना या अन्य कारणों से कट चुके थे। इन 21 लाभार्थियों की पहचान के लिए इससे पहले 7 अगस्त को एक शिविर आयोजित किया गया था, जिसमें उनके नाप लेकर कृत्रिम अंग तैयार किए गए थे।
इस दौरान मुख्य मेहमान के तौर पर डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने शिरकत की। उन्होंने एक्ट ह्यूमेन सोसायटी लुधियाना के प्रयास की प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि होशियारपुर की रेड क्रॉस सोसायटी भविष्य में भी इस तरह के शिविर आयोजित कर अंग-विकलांग व्यक्तियों की सहायता करती रहेगी। उन्होंने एक्ट ह्यूमेन सोसाइटी का रेड क्रॉस को सहयोग देने के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि इन कृत्रिम अंगों के कारण अब ये लाभार्थी सामान्य जीवन जी सकेंगे और अपनी आजीविका कमा सकेंगे। इसके अलावा, कृत्रिम अंगों से इन लाभार्थियों के आत्मविश्वास में भी वृद्धि होगी।
सचिव जिला रेड क्रॉस सोसायटी मंगेश सूद ने बताया कि इस अवसर पर कृत्रिम पैरों का लाभ उठाने वाले लाभार्थी बहुत खुश थे। उन्होंने अपने विचार साझा करते हुए अपनी खुशी व्यक्त की। एक महिला लाभार्थी ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए बताया कि 2002 में एक दुर्घटना के कारण उनकी दोनों टांगें कट गई थी। इस शिविर के माध्यम से ही उन्हें कृत्रिम अंग प्राप्त हुए हैं। उन्होंने होशियारपुर के सभी दानी सज्जनों और आम जनता से अनुरोध किया कि वे इस तरह के शिविरों के आयोजन के लिए रेड क्रॉस सोसायटी को अपना सहयोग प्रदान करें ताकि जरूरतमंदों की आवश्यकताएं पूरी की जा सकें। इस अवसर पर सहायक कमिश्नर ओएशी मंडल, उपाध्यक्ष राजीव बजाज रेड क्रॉस स्टाफ सदस्य उपस्थित थे।











