18 अगस्त 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: छत्तीसगढ़: बीजापुर में नक्सलियों के लगाए IED विस्फोट में जवान शहीद, तीन घायल छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सोमवार को नक्सलियों द्वारा लगाए गए आईईडी विस्फोट में जिला रिजर्व गार्ड (DRG) के एक जवान दिनेश नाग शहीद हो गए, जबकि तीन अन्य जवान घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पताल में स्थानांतरित किया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर है।
बस्तर रेंज के आईजी पी. सुंदरराज ने जानकारी दी कि यह घटना बीजापुर जिले के राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में माओवादियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान हुई।
हालिया कार्रवाई में मारे गए दो बड़े नक्सली इससे पहले 14 अगस्त को छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में दो बड़े नक्सली कैडर को ढेर किया था। इनमें दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी का 90 लाख का इनामी सदस्य विजय रेड्डी और राजनांदगांव-कांकेर बॉर्डर डिवीजन का सचिव लोकेश सलामे (26 लाख का इनामी) शामिल थे।
छत्तीसगढ़ पुलिस, जिला रिजर्व गार्ड और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) की संयुक्त कार्रवाई में मारे गए इन दोनों नक्सलियों के पास से हथियार और नक्सली सामग्री भी बरामद हुई। अधिकारियों का कहना है कि इनकी मौत से दंडकारण्य क्षेत्र और राजनांदगांव-कांकेर सीमा पर सक्रिय नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।













