16 अगस्त 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Himachal Desk: लगातार बारिश से हिमाचल बेहाल: दो राष्ट्रीय राजमार्ग समेत 376 सड़कें बंद, जनजीवन प्रभावित हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में जारी भारी बारिश से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। भूस्खलन और बाढ़ के चलते शनिवार सुबह 10 बजे तक राज्य में दो राष्ट्रीय राजमार्ग सहित 376 सड़कें बंद रहीं। इसके साथ ही 524 बिजली ट्रांसफार्मर और 145 जल आपूर्ति योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं, जिससे कई क्षेत्रों में बिजली और पेयजल आपूर्ति ठप हो गई है।
सबसे ज्यादा असर मंडी जिले में देखा जा रहा है, जहां 203 सड़कें, 458 ट्रांसफार्मर और 44 पेयजल योजनाएं बंद हैं। राजधानी शिमला में भी मौसम खराब है। विकासनगर क्षेत्र में टीसीपी कार्यालय के पास भूस्खलन से यातायात ठप रहा और कई वाहन मलबे की चपेट में आ गए।
चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे फिर बंद
लगातार भूस्खलन के कारण चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे भी यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। मंडी से पनारसा तक नौं मील, पंडोह डैम, कैंची मोड़, दयोड़, जोगणी माता मंदिर और अन्य स्थानों पर मलबा गिरने से सड़क बाधित है। बारिश जारी रहने के कारण फिलहाल मलबा हटाने का कार्य शुरू नहीं हो पाया है और बड़ी संख्या में वाहन व लोग फंसे हुए हैं।
सोलन में फोरलेन धंसा, खतरा बढ़ा
सोलन में पुलिस लाइन के पास फोरलेन पर दरारें और धंसाव तेज हो गया है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर पहले से ही सवाल थे, और अब पूरी सड़क धंसने का खतरा मंडरा रहा है।
22 अगस्त तक बरसेंगे बादल
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 22 अगस्त तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। 16 से 19 अगस्त तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। बीती रात श्रीनयना देवी में 160.6 मिमी, पालमपुर में 101.4 मिमी और मंडी में 62.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।
मानसून में 257 मौतें
प्रदेश में इस मानसून सीजन में 20 जून से 20 अगस्त तक 257 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 331 लोग घायल और 37 लापता हैं। भारी बारिश, भूस्खलन और हादसों से 2,726 मकान-दुकानें क्षतिग्रस्त, 2,157 गोशालाएं नष्ट और 1,625 पालतू पशुओं की मौ*त हुई है। अब तक 2,14,403.32 लाख रुपये का नुकसान आंका गया है।
किन्नौर में दो श्रद्धालुओं की मौ*त
किन्नौर के युला कंडा में पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आने से जन्माष्टमी दर्शन के लिए आए दिल्ली निवासी दंपती की मौ*त हो गई। सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
👉 राज्य में लगातार बारिश और भूस्खलन से हालात गंभीर बने हुए हैं और प्रशासन अलर्ट पर है।