07 जून 2025 फैक्टर रिकॉर्डर
India Desk: सीएम विष्णुदेव साय की अमित शाह से मुलाकात, नक्सल ऑपरेशन में सफलता और बस्तर विकास पर दी रिपोर्ट छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दिल्ली दौरे के दौरान शनिवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिले। इस अहम बैठक में उन्होंने राज्य में माओवादी विरोधी अभियानों की अब तक की प्रगति और बस्तर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की विस्तार से जानकारी दी।
नक्सल विरोधी अभियान निर्णायक मोड़ पर
सीएम साय ने बताया कि राज्य सरकार की नई रणनीति और केंद्र सरकार के सहयोग से नक्सल उन्मूलन अभियान को निर्णायक दिशा मिल रही है। बीते 18 महीनों में किए गए सघन अभियानों के नतीजों में अब तक 1,428 माओवादियों ने आत्मसमर्पण किया, जो पिछले पांच वर्षों की तुलना में एक बड़ी उपलब्धि है।
427 नक्सली मारे गए, शीर्ष नेता भी ढेर
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक 205 मुठभेड़ों में कुल 427 नक्सली मारे गए हैं, जिनमें माओवादी महासचिव बसवा राजू और केंद्रीय समिति सदस्य सुधाकर जैसे खतरनाक नेता शामिल हैं। साथ ही 64 नए फॉरवर्ड सुरक्षा कैंप स्थापित किए गए हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत हुई है।
गांवों तक पहुंचीं बुनियादी सुविधाएं
सीएम साय ने बताया कि सुरक्षा कैंपों के आसपास बसे गांवों में अब तेजी से बिजली, स्वच्छ पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और स्कूल जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। ‘नियद नेल्लानार योजना’ के तहत चिन्हित 146 गांवों में 18 प्रकार की सामुदायिक सेवाएं और 25 शासकीय योजनाएं लागू की गई हैं, जिससे लोगों का सरकार पर विश्वास बढ़ा है।
अमित शाह ने सराहे प्रयास
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ सरकार की नक्सल मोर्चे पर की गई कार्रवाई की सराहना की और कहा कि नक्सलवाद पर राज्य सरकार ने निर्णायक नियंत्रण स्थापित किया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि केंद्र सरकार भविष्य में भी हरसंभव सहयोग देती रहेगी।