Home Hindi 64 गेंदों में 173 रन! 16 चौके और 12 छक्के, नमन धीर...

64 गेंदों में 173 रन! 16 चौके और 12 छक्के, नमन धीर ने मचाया तूफान, रचा इतिहास

September 09,2026 Fact Recorder

Sports Desk:  शेर-ए-पंजाब टी20 लीग में मुंबई इंडियंस के युवा बल्लेबाज नमन धीर ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से तहलका मचा दिया। अमृतसर सूरमास की ओर से खेलते हुए नमन धीर ने मोहाली किंग्स के खिलाफ महज 64 गेंदों में 173 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी पारी में 16 चौके और 12 छक्के शामिल रहे।

नमन की इस शानदार बल्लेबाजी के दम पर अमृतसर सूरमास ने 20 ओवर में 279/7 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। अकेले नमन धीर ने टीम के स्कोर में 173 रनों का योगदान दिया।

छक्के-चौकों की बरसात से गेंदबाजों के उड़ाए होश

नमन धीर ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया और मैदान के चारों ओर शॉट लगाए। उनकी 173 रनों की पारी इस मुकाबले का सबसे बड़ा आकर्षण रही। उनके अलावा जशनप्रीत सिंह ने 25 गेंदों पर 41 रन बनाए। अभिषेक शर्मा ने 4 गेंदों में 13 और अभय चौधरी ने 10 गेंदों में 20 रन का योगदान दिया।

मोहाली किंग्स की ओर से आयुष गोयल सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 4 विकेट हासिल किए, लेकिन इसके लिए 4 ओवर में 43 रन खर्च किए।

212 रन पर सिमटी मोहाली किंग्स

280 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी मोहाली किंग्स की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। अमृतसर के गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेकर किंग्स को बड़ी साझेदारी बनाने का मौका नहीं दिया।

जसकरणवीर पॉल ने संघर्ष करते हुए 41 गेंदों में 76 रन बनाए, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त सहयोग नहीं मिल सका। मोहाली किंग्स की टीम 20 ओवर में 212/9 रन ही बना सकी और अमृतसर सूरमास ने मुकाबला 67 रन से जीत लिया

अमृतसर की ओर से शुभम राणा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 4 विकेट देकर 30 रन खर्च किए। उनकी गेंदबाजी ने मोहाली की वापसी की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।