कुट्टू के आटे का सेवन करने से 325 लोगों के बीमार होने के मामले की जांच के लिए समिति गठित कर दी गई है। यह समिति तीन दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट शासन को देगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सख्त निर्देश है कि मिलावटखोर बख्शे नहीं जाएंगे। उधर, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने अब तक प्रदेश भर में 1500 से अधिक दुकानों पर छापा मारा है। जिसमें दो दर्जन दुकानों को नोटिस देने के साथ 100 किलो कुट्टू आटा नष्ट कराया गया है।
ट्रेंडिंग वीडियो
एफडीए आयुक्त डॉ. आर राजेश कुमार ने बताया कि जांच के लिए एफडीए व स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम का गठन किया गया है। एफडीए के अपर आयुक्त ताजबर सिंह समिति के अध्यक्ष होंगे। इसके अलावा समिति में उपायुक्त एफडीए राजेंद्र सिंह रावत, सतर्कता सह अभिसूचना शाखा के अधिकारी, स्वास्थ्य महानिदेशक की ओर से नामित दो वरिष्ठ अधिकारी सदस्य होंगे। समिति को निर्देश दिए गए कि सभी पहलुओं की गहन जांच कर तीन दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करें। भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुझाव भी रिपोर्ट में शामिल करें।