लुधियाना:पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने नगर निगम चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) के उम्मीदवारों के लिए वीरवार को लुधियाना में एक बड़ा रोड शो किया। रोड शो में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकताओं और आमलोगों ने भाग लिया । लुधियाना वासियों ने मुख्यमंत्री पर फूल बरसाकर स्वागत किया और उनके समर्थन में नारे लगाए। रोड शो के दौरान आप पंजाब अध्यक्ष अमन अरोड़ा, कार्यकारी अध्यक्ष अमनशेर सिंह शैरी कलसी, आप के मंत्री-विधायक और बड़ी संख्या में आप पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहें। मान ने नगर निगम चुनावों के महत्व पर प्रकाश डाला और मतदाताओं से अपील की कि ईवीएम पर जहां आपको झाडू का निशान दिखाई दे, वहीं बटन दबाएं। ऐसे प्रतिनिधियों चुनें जो लुधियाना में वास्तविक विकास लाए। मान ने रिवायती पार्टियों पर हमला बोला और कहा कि पहले, नगर निगमों ने कभी भी विकास पर अपना ध्यान केंद्रित नहीं किया। धन जनता का था, फिर भी उसका उपयोग जन कल्याण के लिए नहीं किया गया। भारी पैमाने पर भ्रष्टाचार किया गया। जब आम आदमी पार्टी का मेयर बनेगा तो नगर निगम का एक-एक पैसा लोगों की भलाई पर खर्च किया जाएगा।
रोड शो में उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री मान को आम आदमी पार्टी का समर्थन करने का भरोसा दिया। लोगों ने स्वीकार किया कि आम आदमी पार्टी के नेतृत्व में ही लुधियाना का सही मायने में विकास हो सकता है। मान ने लोगों से कहा कि आप का मेयर बनाएं फिर पंजाब के दिल के रूप में जाना जाने वाला लुधियाना शहर अपना पुराना गौरव फिर से हासिल करेगा। उन्होंने कहा कि राज्य में हमारी सरकार है, मेयर भी हमारा होगा तो लुधियाना के विकास कार्यों के लिए फंड और संसाधनों की कोई कमी नहीं होगी। यह मेरी जिम्मेदारी है।
