03 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Bollywood Desk: वीकएंड के बाद फिल्मों के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन में गिरावट आना आम बात है और सोमवार को यह असली परीक्षा मानी जाती है। सिनेमाघरों में चल रही सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ और रानी मुखर्जी की हालिया रिलीज ‘मर्दानी 3’ के लिए भी सोमवार आसान नहीं रहा। इसके अलावा जावेद जाफरी स्टारर फिल्म ‘मयसभा’ भी बड़े बजट की फिल्मों के बीच अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की कोशिश कर रही है। आइए जानते हैं, सोमवार को किस फिल्म ने कितनी कमाई की।
‘मर्दानी 3’ का चौथे दिन का कलेक्शन
सैकनिल्क के मुताबिक, ‘मर्दानी 3’ ने रिलीज के चौथे दिन यानी सोमवार को करीब 2.15 करोड़ रुपये की कमाई की। रविवार को फिल्म ने 7.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। अब तक फिल्म का कुल कलेक्शन 19.65 करोड़ रुपये हो चुका है। वीकएंड के मुकाबले सोमवार को फिल्म की कमाई में साफ गिरावट देखने को मिली है।
‘बॉर्डर 2’ ग्यारहवें दिन भी आगे
वहीं सनी देओल की ‘बॉर्डर 2’ को रिलीज हुए 11 दिन पूरे हो चुके हैं। सोमवार को फिल्म ने करीब 5.75 करोड़ रुपये की कमाई की, जबकि रविवार को इसका कलेक्शन 22.5 करोड़ रुपये रहा था। भले ही मंडे को कमाई में भारी गिरावट आई हो, लेकिन फिल्म का कुल बॉक्स ऑफिस कलेक्शन अब तक 281 करोड़ रुपये पहुंच चुका है। ऐसे में ‘बॉर्डर 2’ जल्द ही 300 करोड़ क्लब में शामिल हो सकती है। हालांकि, मेकर्स का दावा है कि फिल्म ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पहले ही पार कर लिया है।
‘मयसभा’ की धीमी रफ्तार बरकरार
जावेद जाफरी स्टारर फिल्म ‘मयसभा’ को रिलीज हुए चार दिन हो चुके हैं। सोमवार को फिल्म ने सिर्फ 6 लाख रुपये की कमाई की, जबकि रविवार को इसका कलेक्शन 20 लाख रुपये था। अब तक फिल्म का कुल कारोबार करीब 65 लाख रुपये रहा है। ‘तुम्बाड़’ फेम डायरेक्टर राही अनिल बर्वे के निर्देशन में बनी यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष करती नजर आ रही है।
कुल मिलाकर, सोमवार की कमाई की दौड़ में ‘बॉर्डर 2’ ने एक बार फिर ‘मर्दानी 3’ को पीछे छोड़ दिया, जबकि ‘मयसभा’ की स्थिति लगातार कमजोर बनी हुई है।













