29 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Health Desk: अक्सर लोगों को गले में दर्द या खराश की शिकायत रहती है, जिसे वे मामूली समस्या समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन डॉक्टरों के मुताबिक, हर बार गले में दर्द होना सामान्य नहीं होता। कई मामलों में यह संक्रमण या किसी अंदरूनी बीमारी का संकेत भी हो सकता है। ऐसे में इसके कारण, लक्षण और बचाव को समझना बेहद जरूरी है।
गले में दर्द होने के आम कारण
गले में दर्द कई वजहों से हो सकता है। सबसे सामान्य कारणों में सर्दी-जुकाम, वायरल या बैक्टीरियल इंफेक्शन शामिल हैं। इसके अलावा एलर्जी, धूल-धुआं, प्रदूषण, बहुत गर्म या ठंडी चीजें खाने-पीने और ज्यादा जोर से बोलने या चिल्लाने से भी गले में दर्द हो सकता है।
कुछ मामलों में पेट का एसिड ऊपर आकर गले में जलन और दर्द पैदा करता है, जिसे एसिड रिफ्लक्स कहा जाता है।
आमतौर पर गले का दर्द 3 से 7 दिन में ठीक हो जाता है, लेकिन अगर यह लंबे समय तक बना रहे या बार-बार लौटे, तो इसे हल्के में लेना सही नहीं है।
क्या गले में दर्द कोई बीमारी है?
मौलाना आज़ाद मेडिकल कॉलेज के ईएनटी विभाग के एचओडी डॉ. रवि महर बताते हैं कि गले में दर्द हमेशा गंभीर बीमारी नहीं होता, लेकिन यह कई समस्याओं का संकेत जरूर हो सकता है।
सबसे आम कारण वायरल इंफेक्शन होते हैं, जैसे सर्दी, फ्लू या मोनोन्यूक्लिओसिस। वहीं कुछ मामलों में बैक्टीरियल इंफेक्शन, खासकर स्टेप टोन्सिलिटिस, तेज गले के दर्द और बुखार का कारण बन सकता है।
अगर गले में दर्द के साथ
निगलने में परेशानी
तेज बुखार
गर्दन में सूजन
गले में लाल धब्बे या सफेद परत
जैसे लक्षण दिखाई दें, तो यह संक्रमण या किसी बीमारी का संकेत हो सकता है।
गले में दर्द से कैसे करें बचाव
गले की परेशानी से बचने के लिए कुछ आसान उपाय अपनाए जा सकते हैं:
हाथों की सफाई का ध्यान रखें
धूल, धुएं और प्रदूषण से बचें
बहुत गर्म या बहुत ठंडी चीजें खाने-पीने से परहेज करें
ज्यादा जोर से बोलने या चिल्लाने से बचें
खूब पानी पिएं और शरीर को हाइड्रेट रखें
संतुलित आहार लें, जिसमें फल, सब्ज़ियां और प्रोटीन शामिल हों
एलर्जी या सांस से जुड़ी समस्या हो तो समय पर इलाज कराएं
डॉक्टर को कब दिखाना जरूरी है?
अगर गले में दर्द को लेकर ये लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें:
3–4 दिन से ज्यादा गले में दर्द बना रहे
निगलने में लगातार परेशानी हो
बुखार, ठंड या शरीर दर्द के साथ गले में दर्द
गर्दन या गले में सूजन
गले में लाल धब्बे, पपड़ी या सफेद परत
बार-बार गले में संक्रमण की समस्या
समय पर जांच और सही इलाज से गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।











