वृंदावन 17 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Rashifal Desk: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली और उनकी पत्नी, बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा एक बार फिर भक्ति भाव में लीन नजर आए। दोनों वृंदावन स्थित राधा केली कुंज आश्रम पहुंचकर विश्वविख्यात संत प्रेमानंद महाराज का आशीर्वाद लेने पहुंचे। यह चौथा मौका है, जब विराट-अनुष्का प्रेमानंद महाराज के सानिध्य में आए हैं।
आश्रम पहुंचने पर विराट और अनुष्का पूरी तरह वैष्णव रूप में दिखे। दोनों ने गले में तुलसी कंठी माला धारण की हुई थी, माथे पर वृंदावन की रज से वैष्णव तिलक लगा था और हाथों में राधा नाम जप का काउंटर भी था। श्रद्धा और विनम्रता के साथ दोनों ने महाराज जी को प्रणाम किया और उनके सामने बैठकर उपदेश सुना।
प्रेमानंद महाराज का विराट-अनुष्का को उपदेश
प्रेमानंद महाराज ने विराट और अनुष्का को जीवन का गूढ़ संदेश देते हुए कहा कि अपने कार्यक्षेत्र को भगवान की सेवा समझकर करें। उन्होंने कहा,
“गंभीर रहिए, विनम्र बनिए और निरंतर नाम जप करते रहिए। जब तक भगवान की प्राप्ति न हो जाए, तब तक जीवन की यात्रा को रोकना नहीं है।”
महाराज ने आगे कहा कि मनुष्य माया में उलझकर अनगिनत जन्म बिता देता है और असली अपने को भूल जाता है।
“अब एक बार उस अपने को देखना है, जिसने हमें बनाया है। ठाकुर जी को देखने की लालसा होनी चाहिए। सुना है वे बहुत सुंदर और प्यारे हैं, तो एक बार उन्हें देखना तो चाहिए।”
“हम सब श्रीजी के बच्चे हैं”
इस दौरान अनुष्का शर्मा ने भावुक होकर कहा, “हम आपके हैं महाराज जी और आप हमारे हो।” इस पर प्रेमानंद महाराज ने मुस्कुराते हुए उत्तर दिया,
“हम सब श्रीजी के बच्चे हैं। हम सब एक ही नीले छत्र यानी आकाश के नीचे हैं और उसी मार्ग पर चलते हुए क्रम से श्रीजी तक पहुंचेंगे।”
विदा के समय मिला आशीर्वाद
जब विराट और अनुष्का आश्रम से विदा लेने लगे, तो प्रेमानंद महाराज ने दोनों को आशीर्वाद देते हुए कहा,
“जाओ, खूब मस्त रहो।”
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की यह आध्यात्मिक यात्रा एक बार फिर साबित करती है कि सफलता के शिखर पर पहुंचने के बाद भी दोनों जीवन में भक्ति, विनम्रता और आत्मिक शांति को कितना महत्व देते हैं।













