बिहार में जल संकट गहराया: 9 हजार तालाब-झील गायब, अतिक्रमण बना बड़ी वजह

14 अप्रैल, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:  बिहार में जल संकट को लेकर चिंताजनक स्थिति सामने आई है। जल निकायों की ताजा गणना के अनुसार राज्य से करीब 9 हजार तालाब, झील और टैंक गायब हो चुके हैं, जिससे पानी की उपलब्धता पर बड़ा असर पड़ रहा है।

जल शक्ति मंत्रालय द्वारा कराई गई “दूसरी जल निकाय जनगणना (2023-24)” में खुलासा हुआ कि 2018-19 में दर्ज 45,793 जल स्रोतों में से अब केवल 36,856 ही मौजूद हैं। यानी लगभग 8,940 जल स्रोत अब रिकॉर्ड से भी गायब हो चुके हैं।

इस स्थिति के पीछे सबसे बड़ी वजह अवैध अतिक्रमण मानी जा रही है। खासतौर पर भू-माफिया द्वारा इन जल स्रोतों पर कब्जा कर निर्माण कार्य किए जा रहे हैं, जिससे प्राकृतिक जल संरचनाएं तेजी से खत्म हो रही हैं।

इससे पहले पटना हाई कोर्ट ने 2023 में कहा था कि राज्य में 1,045 तालाबों पर अतिक्रमण हो चुका है और इसे गंभीर खतरे के रूप में देखा जाना चाहिए।

विशेषज्ञों के अनुसार, जल स्रोतों का इस तरह गायब होना भविष्य में जल संकट को और गंभीर बना सकता है। अगर समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो पीने के पानी और खेती दोनों पर इसका गहरा असर पड़ेगा।