September 10,2026 Fact Recorder
Himachal Desk: हिमाचल प्रदेश में लंबे समय से चर्चा में चल रहे मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर एक बार फिर इंतजार बढ़ गया है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ प्रस्तावित बैठक नहीं हो सकी। ऐसे में अब मंत्रिमंडल विस्तार पर फैसला 30 सितंबर के बाद होने की संभावना जताई जा रही है।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू बुधवार को दिल्ली से लौटकर चंडीगढ़ पहुंच गए हैं। उनका वीरवार को शिमला लौटने का कार्यक्रम है। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार भी दिल्ली से वापस लौट आए हैं। दूसरी ओर, कैबिनेट मंत्री हर्षवर्धन चौहान, चंद्र कुमार, कर्नल धनीराम शांडिल, विक्रमादित्य सिंह और रोहित ठाकुर अभी दिल्ली में ही हैं। मंत्रियों के वीरवार को लौटने की संभावना है।
दिल्ली में हाईकमान को सरकार और संगठन का फीडबैक
पिछले दो दिनों के दौरान हिमाचल के मंत्रियों ने दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के साथ बैठकें कीं। इस दौरान सरकार और संगठन के कामकाज को लेकर हाईकमान को फीडबैक दिया गया। मंत्रियों ने अपने-अपने विभागों की कार्यप्रणाली और अब तक के प्रदर्शन की जानकारी भी पार्टी नेतृत्व के सामने रखी।
राहुल गांधी के दिल्ली से बाहर होने के कारण मुख्यमंत्री और उनके बीच प्रस्तावित बैठक नहीं हो पाई। इसी वजह से मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अंतिम निर्णय फिलहाल टल गया है।
30 सितंबर के बाद हो सकता है फैसला
सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से कैबिनेट मंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड 30 सितंबर तक मांगा है। इसमें मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री सहित सभी मंत्रियों के पास मौजूद विभागों तथा करीब साढ़े तीन साल के कार्यकाल के दौरान उनके प्रदर्शन का विस्तृत ब्यौरा शामिल होगा।
रिपोर्ट मिलने के बाद ही मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अंतिम फैसला होने की संभावना है। ऐसे में माना जा रहा है कि 30 सितंबर तक कैबिनेट विस्तार पर तस्वीर साफ नहीं होगी।
एक नए मंत्री के साथ अन्य नियुक्तियों की भी चर्चा
सूत्रों के मुताबिक, मंत्रिमंडल विस्तार में एक नए मंत्री को शामिल किए जाने के साथ कुछ अन्य महत्वपूर्ण नियुक्तियां भी हो सकती हैं। विधानसभा उपाध्यक्ष के साथ मुख्य सचेतक की नियुक्ति पर भी विचार होने की चर्चा है।
मुख्य सचेतक को कैबिनेट रैंक मिलने के कारण यह नियुक्ति भी राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सूत्रों के अनुसार, इन पदों पर कांगड़ा और मंडी से विधायकों को जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना है।
11 सितंबर को होगी कैबिनेट बैठक
इस बीच हिमाचल मंत्रिमंडल की बैठक 11 सितंबर को प्रस्तावित है। हालांकि, मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अंतिम निर्णय फिलहाल कांग्रेस हाईकमान की रिपोर्ट और आगामी चर्चा पर निर्भर माना जा रहा है।













