Home Haryana 40 वर्ष पुरानी पानी की समस्या के स्थायी समाधान पर कारसिंधु के ग्रामीणों ने सिंचाई...

40 वर्ष पुरानी पानी की समस्या के स्थायी समाधान पर कारसिंधु के ग्रामीणों ने सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी का जताया आभार

चंडीगढ़, 10 जुलाई 2026 Fact Recorder 

Haryana Desk:  हरियाणा की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी के चंडीगढ़ आवास पर आज जींद जिले के उचाना विधानसभा क्षेत्र के गांव कारसिंधु के ग्रामीणों ने मुलाकात कर गांव की 40 वर्ष पुरानी पानी की समस्या का स्थायी समाधान कराने पर उनका आभार व्यक्त किया।

ग्रामीणों ने कहा कि गांव कारसिंधु लंबे समय से सिंचाई जल वितरण से जुड़ी समस्या का सामना कर रहा था, जिससे किसानों और ग्रामीणों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने बताया कि मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा स्वयं इसकी नियमित समीक्षा की, जिसके परिणामस्वरूप वर्षों से लंबित इस समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सका।

इस संबंध में गांव कारसिंधु एवं अलीपुरा (तहसील उचाना, जिला जींद) के बरौला माइनर की आरडी 33850/आर (RD 33850/R) के आउटलेट से तरखा माइनर की आरडी 17150/टीएफ (RD 17150/TF) के आउटलेट में 179/179 एकड़ क्षेत्र के चाक (कमांड एरिया) को स्थानांतरित करने का निर्णय लिया गया। इस तकनीकी एवं प्रशासनिक व्यवस्था से गांव के करीब 400 परिवारों की पानी की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित हुआ है।

मंत्री से मुलाकात के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि चार दशक से लंबित इस समस्या का समाधान उनके लिए किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी ने उनकी वर्षों पुरानी मांग को गंभीरता से लेते हुए उसका स्थायी समाधान कराया है। ग्रामीणों ने उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके संवेदनशील दृष्टिकोण, त्वरित निर्णय और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता के कारण आज गांव के सैकड़ों परिवारों को स्थायी राहत मिली है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मंत्री के नेतृत्व में सिंचाई विभाग किसानों एवं ग्रामीणों के हित में इसी प्रकार कार्य करता रहेगा।

इस अवसर पर सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रीमती श्रुति चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों और ग्रामीणों के हितों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य में जल संसाधनों के वैज्ञानिक एवं प्रभावी प्रबंधन के साथ-साथ सिंचाई तंत्र को सुदृढ़ बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। सरकार का लक्ष्य प्रत्येक खेत तक समय पर पर्याप्त सिंचाई जल उपलब्ध कराना तथा प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र की लंबित समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े प्रत्येक विषय का त्वरित एवं प्रभावी समाधान करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।