वरुण की ड्रीम T20 प्लेइंग-11: कोहली-रोहित बाहर, बटलर और हेड ओपनर चुने गए

01 जुलाई 2025 फैक्टर रिकॉर्डर

Sports Desk: वरुण चक्रवर्ती ने चुनी अपनी ड्रीम T20 प्लेइंग-11, कोहली-रोहित को किया बाहर, बटलर-हेड को सौंपी ओपनिंग                                                                                                                 टीम इंडिया के मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने रविचंद्रन अश्विन के यूट्यूब चैनल पर बातचीत के दौरान अपनी ड्रीम टी20 प्लेइंग-11 का खुलासा किया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि वरुण ने इस टीम में विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों को शामिल नहीं किया। उन्होंने ओपनिंग की जिम्मेदारी इंग्लैंड के जोस बटलर और ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड को दी है।

भारत और वेस्टइंडीज के तीन-तीन खिलाड़ी
वरुण की इस इलेवन में भारत और वेस्टइंडीज से सबसे ज्यादा तीन-तीन खिलाड़ी हैं। इसके अलावा इंग्लैंड, ऑस्ट्रेलिया, दक्षिण अफ्रीका, अफगानिस्तान और श्रीलंका से एक-एक खिलाड़ी को शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि उन्होंने केवल उन्हीं खिलाड़ियों को टीम में चुना है जिनके साथ या खिलाफ वह खेल चुके हैं।

नहीं हैं धोनी-पंत, तीसरे नंबर पर सूर्यकुमार
ओपनिंग के बाद तीसरे नंबर पर वरुण ने सूर्यकुमार यादव को रखा है। वहीं चौथे नंबर पर वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन को मौका दिया गया है, जो आमतौर पर कोहली का बैटिंग पोजिशन माना जाता है। विकेटकीपर के तौर पर दक्षिण अफ्रीका के हेनरिक क्लासेन को प्राथमिकता दी गई है, हालांकि बटलर और पूरन भी यह भूमिका निभा सकते हैं।

ऑलराउंडर और गेंदबाज
ऑलराउंडर के तौर पर वरुण ने हार्दिक पांड्या और आंद्रे रसेल को टीम में जगह दी है। स्पिन विभाग में सुनील नरेन और राशिद खान की जोड़ी शामिल की गई है। तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी जसप्रीत बुमराह और श्रीलंका के मथीशा पथिराना को दी गई है। ट्रेविस हेड भी स्पिन गेंदबाजी कर सकते हैं, जिससे टीम में कुल सात बॉलिंग विकल्प मिलते हैं। वहीं बल्लेबाजी की गहराई आठवें नंबर तक जाती है।

फैंस की मिली-जुली प्रतिक्रिया
सोशल मीडिया पर फैंस ने वरुण की टीम पर मिली-जुली प्रतिक्रिया दी है। कई फैंस कोहली और रोहित को बाहर रखने पर हैरानी जता रहे हैं। कुछ ने रसेल की जगह रवींद्र जडेजा को शामिल करने की बात कही, वहीं यशस्वी जायसवाल और अभिषेक शर्मा की गैरमौजूदगी पर भी सवाल उठाए गए हैं।

संघर्ष से सफलता तक: वरुण की प्रेरक कहानी
बातचीत के दौरान वरुण ने अपने शुरुआती जीवन और संघर्षों की कहानी भी साझा की। उन्होंने बताया कि क्रिकेट में आने से पहले वह फिल्मों में बतौर असिस्टेंट आर्ट डायरेक्टर काम करते थे। कई बार फिल्मों में एक्स्ट्रा कलाकार भी बने। उन्होंने बताया कि उनकी पहली कमाई महज 879 रुपये थी, जो उन्होंने एक फिल्म शूट में की थी।

वरुण ने कहा कि क्रिकेट में कदम रखते ही उनकी जिंदगी बदल गई। उन्होंने बताया कि उनकी सैलरी में करीब 4200% की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा, “मैं जो भी हूं, सिर्फ क्रिकेट की वजह से हूं।”

अश्विन ने वरुण की मेहनत की तारीफ करते हुए कहा कि उनका सफर बाकी युवाओं के लिए एक प्रेरणा है।
वरुण ने अंत में कहा, “कोई भी सपना छोटा नहीं होता। अगर मेहनत और लगन हो, तो जिंदगी कभी भी बदल सकती है।”