पहलगाम हमले के आरोपियों के दो सहयोगियों ने खोले राज़, NIA के पास अब तक जुटे ये 4 अहम सबूत

24 जून 2025 फैक्टर रिकॉर्डर

International Desk:  पहलगाम आतंकी हमले में बड़ा खुलासा: 2 स्थानीय मददगार गिरफ्तार, 3 पाकिस्तानी आतंकियों की पहचान                                                                                              जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए दर्दनाक आतंकी हमले में 26 निर्दोष नागरिकों की हत्या कर दी गई थी। अब इस मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को बड़ी सफलता मिली है। जांच एजेंसी ने हमले में मदद करने के आरोप में दो स्थानीय व्यक्तियों—परवेज अहमद जोथर और बशीर अहमद जोथर—को गिरफ्तार किया है।

NIA की पूछताछ में इन दोनों ने न सिर्फ पाकिस्तान से आए तीन आतंकवादियों की पहचान उजागर की है, बल्कि यह भी स्वीकार किया कि उन्होंने इन आतंकियों को हमले से पहले शरण, भोजन और रसद मुहैया कराई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपियों ने 20 और 21 अप्रैल को पहलगाम के ऊपरी इलाक़े में मौजूद ‘ढोक’ नामक अस्थायी ढांचों में आतंकियों को छिपाया था।

आरोपियों ने कबूला है कि उन्होंने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था, खासकर बैसरन क्षेत्र में सुरक्षाबलों की तैनाती का पैटर्न भी आतंकियों को बताया, जिससे हमले की योजना को अंतिम रूप दिया गया। आतंकियों ने लोगों से धर्म पूछकर चुनिंदा हत्या की और फिर मौके से फरार हो गए। NIA के अनुसार, परवेज और बशीर केवल मददगार नहीं, बल्कि हमले की साजिश में ‘सक्रिय सूत्रधार’ थे।

NIA ने कहा कि उनके पास हमले से जुड़ी कई अहम जानकारियां हैं, जिनमें प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, वीडियो फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और संदिग्धों के स्केच शामिल हैं। इन सभी सबूतों का बारीकी से विश्लेषण किया जा रहा है।

दोनों आरोपियों को सोमवार को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें पांच दिन की रिमांड पर भेजा गया है। पूछताछ में उन्होंने दावा किया कि उन्हें हमले की योजना की जानकारी थी, लेकिन यह नहीं पता था कि टारगेट पर्यटक होंगे। उन्होंने यह भी माना कि उन्होंने “चंद हजार रुपये” के बदले यह मदद की।

NIA ने आश्वस्त किया है कि जांच पूरी तरह पेशेवर तरीके से की जा रही है और जल्द ही आतंकियों की पहचान और बाकी जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।