आज का पंचांग 2 फरवरी 2026: फाल्गुन माह की शुरुआत, जानें शुभ मुहूर्त, राहुकाल और नक्षत्र

02 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Rashifal Desk: पंचांग के अनुसार आज, 2 फरवरी 2026 से फाल्गुन माह का शुभारंभ हो गया है। आज फाल्गुन कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि है। सनातन धर्म में फाल्गुन माह का विशेष महत्व माना गया है। इस महीने भगवान शिव और भगवान श्रीकृष्ण की विशेष पूजा-अर्चना की जाती है। साथ ही इसी माह महाशिवरात्रि और होली जैसे बड़े पर्व भी मनाए जाएंगे।

आज का दिन सोमवार है और संवत् 2082 चल रहा है। प्रतिपदा तिथि 3 फरवरी को रात 1 बजकर 52 मिनट तक रहेगी। आज प्रातः 7 बजकर 21 मिनट तक आयुष्मान योग और इसके बाद 3 फरवरी की सुबह 4 बजकर 46 मिनट तक सौभाग्य योग का संयोग बन रहा है। करण बालव दोपहर 2 बजकर 41 मिनट तक रहेगा, जबकि कौलव करण देर रात 1 बजकर 52 मिनट तक होगा।

सूर्योदय आज प्रातः 7 बजकर 9 मिनट पर और सूर्यास्त सायं 6 बजकर 1 मिनट पर होगा। चंद्रोदय सायं 6 बजकर 33 मिनट पर तथा चंद्रास्त अगले दिन प्रातः 7 बजकर 27 मिनट पर होगा। सूर्य देव मकर राशि में और चंद्र देव कर्क राशि में विराजमान रहेंगे।

शुभ मुहूर्त की बात करें तो आज अभिजीत मुहूर्त दोपहर 12 बजकर 13 मिनट से 12 बजकर 57 मिनट तक रहेगा। वहीं अमृत काल रात्रि 9 बजकर 16 मिनट से 10 बजकर 47 मिनट तक है।
अशुभ समय में राहुकाल प्रातः 8 बजकर 30 मिनट से 9 बजकर 52 मिनट तक, गुलिकाल दोपहर 1 बजकर 56 मिनट से 3 बजकर 18 मिनट तक और यमगण्ड प्रातः 11 बजकर 13 मिनट से 12 बजकर 35 मिनट तक रहेगा।

आज चंद्रदेव आश्लेषा नक्षत्र में विराजमान हैं, जो रात्रि 10 बजकर 47 मिनट तक रहेगा। इस नक्षत्र के जातक सामान्यतः बुद्धिमान, चतुर, रहस्यवादी स्वभाव के होते हैं और नेतृत्व क्षमता के साथ तीव्र स्मरण शक्ति रखते हैं। आश्लेषा नक्षत्र के स्वामी बुध देव, राशि स्वामी चंद्र देव और इसके देवता नाग माने जाते हैं।