Today Bank Closed Or Not: 12 फरवरी को बैंक हड़ताल, क्या आज देशभर में बंद रहेंगे बैंक? यहां जानें पूरी स्थिति

12 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:  आज 12 फरवरी 2026 को कई बैंक कर्मचारियों की हड़ताल के चलते बैंकिंग सेवाओं को लेकर लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। अगर आप किसी जरूरी काम से बैंक जाने की योजना बना रहे हैं, तो पहले यह जान लेना जरूरी है कि आपका बैंक आज खुला रहेगा या बंद।

दरअसल, ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉइज एसोसिएशन (AIBEA), ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन (AIBOA) और बैंक एम्प्लॉइज फेडरेशन ऑफ इंडिया (BEFI) सहित कई प्रमुख बैंक संगठनों ने आज हड़ताल का आह्वान किया है। इस हड़ताल को देश के 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों का भी समर्थन मिला है।

हड़ताल की वजह क्या है?
बैंक कर्मचारियों की हड़ताल की मुख्य वजह नवंबर 2025 में अधिसूचित किए गए चार नए लेबर कोड हैं। इसके अलावा बैंक कर्मी लंबे समय से 5 दिन कार्य और 2 दिन अवकाश की मांग भी कर रहे हैं।

क्या RBI ने आज बैंक अवकाश घोषित किया है?
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की ओर से 12 फरवरी को किसी तरह की आधिकारिक बैंक छुट्टी घोषित नहीं की गई है। यानी नियमों के अनुसार बैंक खुले रहेंगे, लेकिन हड़ताल की वजह से कई जगहों पर कामकाज प्रभावित हो सकता है।

कौन-कौन से बैंक हो सकते हैं प्रभावित?
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), पंजाब नेशनल बैंक (PNB) समेत कुछ सरकारी बैंकों ने पहले ही संकेत दिए हैं कि हड़ताल के कारण शाखाओं में कामकाज बाधित हो सकता है। वहीं निजी बैंकों पर इस हड़ताल का असर कम रहने की संभावना जताई जा रही है।

ग्राहकों के लिए सलाह
अगर आपका काम बहुत जरूरी नहीं है, तो आज बैंक शाखा जाने से पहले अपनी स्थानीय ब्रांच से स्थिति की जानकारी जरूर ले लें। हालांकि एटीएम, इंटरनेट बैंकिंग और मोबाइल बैंकिंग जैसी ऑनलाइन सेवाएं सामान्य रूप से चालू रहने की उम्मीद है।