![]()
.
पंजाब सरकार के चौथे बजट में भी पुरानी पेंशन स्कीम (ओपीएस) को लागू नहीं करने से नाराज नेशनल पेंशन सिस्टम (एनपीएस) कर्मचारी सरकार के खिलाफ मुखर हो गए हैं। पुरानी पेंशन प्राप्ति मोर्चा पंजाब ने इसे कर्मचारियों के साथ बड़ा धोखा करार दिया है। विरोध स्वरूप 15 अप्रैल तक पूरे पंजाब में सरकारी दफ्तरों, डिपुओं, ब्लॉकों और तहसीलों में बजट की प्रतियां जलाकर प्रदर्शन किया जाएगा।
मोर्चा के सूबा कन्वीनर गुरजंट सिंह कोकरी, को-कन्वीनर टहल सिंह सराभा और रणदीप सिंह (श्री फतेहगढ़ साहिब) ने बैठक में यह निर्णय लिया। नेताओं ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने 2021 के विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब के 2 लाख एनपीएस कर्मचारियों से पुरानी पेंशन स्कीम लागू करने का वादा किया था, लेकिन सरकार के तीन साल पूरे होने के बाद भी किसी भी कर्मचारी का जीपीएफ खाता तक नहीं खोला गया। इसके उलट राजस्थान, छत्तीसगढ़, झारखंड और हिमाचल प्रदेश की सरकारें नई पेंशन स्कीम को खत्म कर पुरानी पेंशन बहाल कर चुकी हैं।
मोर्चा ने केंद्र सरकार की यूनिफाइड पेंशन स्कीम को भी खारिज करते हुए पंजाब सरकार से 1972 के पेंशन नियमों के तहत ओपीएस लागू करने की मांग की है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो मोर्चा जल्द ही अगले तीखे आंदोलन का ऐलान करेगा। इस बैठक में मनदीप सिंह, अजय कुमार, सतविंदर पाल सिंह समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।












