28 जनवरी 2026 Fact Recorder
Haryana Desk: हरियाणा में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राज्य के कई इलाकों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं के बाद अब कड़ाके की ठंड पड़ने के आसार हैं। मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में शीतलहर और घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। उत्तर-पश्चिमी दिशा से चल रही ठंडी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। विभाग के अनुसार 29 और 30 जनवरी को शीतलहर और घने कोहरे की स्थिति बनी रहेगी, जबकि 31 जनवरी को मौसम शुष्क रहने की संभावना है। वहीं 1 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे दोबारा बादल छाने और हल्की बारिश के आसार बनेंगे। अधिकतम तापमान में औसतन 2.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है और यह सामान्य से 3.7 डिग्री नीचे रहा। मौसम विभाग ने कोहरे में सावधानी से वाहन चलाने, बुजुर्गों व बच्चों को ठंड से बचाने और किसानों को पाले से फसलों की सुरक्षा के उपाय करने की सलाह दी है।











