Home Himachal राज्यपाल ने सोमेन देबनाथ के प्रेरणादायी अभियान के लिए 51 हजार रुपये...

राज्यपाल ने सोमेन देबनाथ के प्रेरणादायी अभियान के लिए 51 हजार रुपये की सहायता प्रदान की

 शिमला 27 अगस्त, 2026 Fcat Recorder

Himachal Desk:  अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त साइक्लिस्ट सोमेन देबनाथ ने राज्यपाल से भेंट की
सोमेन की यात्रा ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना को प्रतिबिम्बित कर रही है राज्यपाल
अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त साइक्लिस्ट एवं सामाजिक कार्यकर्ता सोमेन देबनाथ ने आज लोक भवन में राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर उन्होंने राज्यपाल को अपनी 19 वर्षों की असाधारण साइकिल यात्रा से अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि इस यात्रा के दौरान वह सात महाद्वीपों के 191 देशों का भ्रमण कर चुके हैं। इस अभियान का उद्देश्य महत्वपूर्ण सामाजिक मामलों से लोगों को जागरूक करने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, संस्कारों और मूल्यों का संदेश विश्वभर में पहुंचाना है।
उन्होंने राज्यपाल को वर्षभर चलने वाले अपने राष्ट्रव्यापी अभियान ‘रीयूनियन भारत-वन ट्री, वन लाइफ, इंडियन यूथ एंड स्पोर्ट्स’ के बारे में भी अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि इस अभियान में वह देश के 28 राज्यों और 5 केंद्र शासित प्रदेशों की यात्रा कर लोगों को राष्ट्रीय एकता, पर्यावरण संरक्षण, युवा सशक्तिकरण तथा खेलों को बढ़ावा देने का संदेश दे रहे हैं।
राज्यपाल ने सोमेन देबनाथ की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी यात्रा दृढ़ संकल्प, अनुशासन और उद्देश्यपूर्ण जीवन का असाधारण उदाहरण है। उन्होंने कहा कि सोमेन का यह मिशन ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की भावना को प्रतिबिम्बित कर रहा है।
राज्यपाल ने कहा कि इस प्रकार की पहल देश में एकता, अनुशासन और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करने के साथ-साथ युवाओं को खेल और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सक्रिय रूप से जुड़ने के लिए प्रेरित करती है। राज्यपाल ने लोक भवन की ओर उनके उल्लेखनीय योगदान और प्रेरणादायी अभियान को प्रोत्साहित करने के लिए  51 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की।
राज्यपाल ने उनकी उपलब्धि के लिए उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि यह यात्रा देश के युवाओं को निरंतर प्रेरित करती रहेगी।
सोमेन देबनाथ ने प्रोत्साहन एवं सहयोग के लिए राज्यपाल का आभार व्यक्त किया।