आज पेश होगा देश की अर्थव्यवस्था का लेखा-जोखा, जानें इकोनॉमिक सर्वे 2026 की खास बातें और लाइव कहां देखें

29 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

National Desk:  Parliament Budget Session 2026 संसद के बजट सत्र का आज दूसरा दिन है और आज यानी 29 जनवरी 2026 को सरकार आर्थिक सर्वेक्षण (Economic Survey) 2026 पेश करने जा रही है। यह रिपोर्ट देश की अर्थव्यवस्था की मौजूदा स्थिति, उसकी मजबूती और आने वाले समय की चुनौतियों को सामने रखेगी। इसके ठीक तीन दिन बाद केंद्रीय बजट पेश किया जाएगा।

बजट से पहले क्यों अहम है इकोनॉमिक सर्वे

आर्थिक सर्वे को बजट का आधार माना जाता है। इसमें बीते एक साल के दौरान सरकार द्वारा किए गए आर्थिक प्रयासों, उनके नतीजों और अर्थव्यवस्था के प्रदर्शन का विस्तृत आकलन होता है। यह रिपोर्ट बताती है कि देश की अर्थव्यवस्था किस दिशा में बढ़ रही है और बजट में किन क्षेत्रों पर ज्यादा फोकस किया जा सकता है।

पहली बार रविवार को पेश होगा बजट

इस साल एक ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिलेगा। केंद्रीय बजट पहली बार रविवार को पेश किया जाएगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी 2026 को बजट पेश करेंगी, जो उनका 9वां केंद्रीय बजट होगा। इस बजट में सरकार देश के विकास का रोडमैप पेश कर सकती है, साथ ही अलग-अलग वर्गों और टैक्सपेयर्स के लिए राहत के ऐलान की भी उम्मीद है।

कब और कैसे पेश होगा इकोनॉमिक सर्वे 2026

आमतौर पर आर्थिक सर्वे बजट से ठीक एक दिन पहले पेश किया जाता है, लेकिन इस बार इसे तीन दिन पहले ही संसद में रखा जा रहा है।
आर्थिक सर्वेक्षण 2026 को आज सुबह 11 बजे संसद के दोनों सदनों में देश के मुख्य आर्थिक सलाहकार (CEA) द्वारा पेश किया जाएगा।

क्या होता है आर्थिक सर्वेक्षण

आर्थिक सर्वे सरकार की एक अहम रिपोर्ट होती है, जिसे वित्त मंत्रालय की टीम तैयार करती है। इसमें देश की आर्थिक स्थिति, विकास दर, महंगाई, रोजगार, निर्यात-आयात, राजकोषीय घाटा और कृषि, उद्योग व सेवा क्षेत्र जैसे सेक्टर्स की स्थिति का विस्तृत विश्लेषण होता है। यह रिपोर्ट सरकार को बजट तैयार करने में दिशा देती है।

कब तक चलेगा बजट सत्र

संसद का बजट सत्र 28 जनवरी 2026 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण के साथ शुरू हुआ था। केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू के अनुसार यह सत्र 2 अप्रैल 2026 तक चलेगा।

इकोनॉमिक सर्वे 2026 लाइव कहां देखें

आर्थिक सर्वे को आप इन प्लेटफॉर्म्स पर लाइव देख सकते हैं:

  • Sansad TV (YouTube चैनल)

  • Doordarshan TV

  • Union Budget की आधिकारिक वेबसाइट – indiabudget.gov.in

  • वित्त मंत्रालय और PIB के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल