04 नवंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर
Politics Desk: बिहार चुनाव 2025: तेजस्वी यादव का बड़ा वादा — सरकार बनने के दो महीने के भीतर महिलाओं के खाते में 30 हजार रुपये बिहार विधानसभा चुनाव प्रचार का आज आखिरी दिन है। शाम 6 बजे से प्रचार थम जाएगा। चुनाव प्रचार के इस अंतिम दिन आरजेडी नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने जनता से कई बड़े वादे किए।
तेजस्वी यादव ने कहा कि अगर उनकी सरकार बनी तो 14 जनवरी को हर महिला के खाते में 30 हजार रुपये भेजे जाएंगे। उन्होंने बताया कि यह राशि “माई बहिन योजना” के तहत दी जाएगी। योजना के अंतर्गत महिलाओं को हर महीने ढाई हजार रुपये मिलेंगे। तेजस्वी ने कहा कि सरकार बनने के बाद एक साल का पैसा एक साथ दिया जाएगा ताकि महिलाओं को तुरंत लाभ मिल सके।
आरजेडी नेता ने यह भी घोषणा की कि जीविका दीदी कम्युनिटी मोबिलाइजरों को स्थायी किया जाएगा, और उन्हें हर महीने 2 हजार रुपये दिए जाएंगे।
इसके साथ ही तेजस्वी यादव ने कहा कि जनता अब बदलाव के मूड में है और इस बार बिहार की जनता “20 साल से सत्ता में काबिज सरकार को उखाड़ फेंकेगी।”
अन्य प्रमुख वादे:
सरकार बनने पर ओल्ड पेंशन स्कीम लागू की जाएगी।
सरकारी कर्मचारियों की पोस्टिंग उनके गृह जिले से 70 किलोमीटर के अंदर होगी।
किसानों को सिंचाई के लिए फ्री बिजली दी जाएगी।
पैक्स प्रतिनिधियों को जनप्रतिनिधि का दर्जा मिलेगा और पैक्स अध्यक्षों को मानदेय दिया जाएगा।
धान खरीद पर MSP के अतिरिक्त 300 रुपये प्रति क्विंटल दिए जाएंगे।
तेजस्वी यादव ने कहा कि ये वादे सिर्फ घोषणाएं नहीं, बल्कि बिहार के विकास और जनता की बेहतरी की दिशा में ठोस कदम होंगे।