न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे T20 से पहले टीम इंडिया का मूवी ब्रेक, खिलाड़ियों ने साथ मिलकर देखी ‘बॉर्डर 2’

27 जनवरी, 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Sports Desk:  भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही T20 सीरीज का चौथा मुकाबला 28 जनवरी को खेला जाना है। इस मैच से पहले टीम इंडिया वाइजैग पहुंच चुकी है और मैदान में उतरने से पहले खिलाड़ियों ने मस्ती भरे अंदाज में समय बिताया। गणतंत्र दिवस के मौके पर भारतीय टीम के सभी खिलाड़ी हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘बॉर्डर 2’ देखने थिएटर पहुंचे।

26 जनवरी को रिलीज हुई सनी देओल और वरुण धवन स्टारर फिल्म बॉर्डर 2 को टीम इंडिया ने वाइजैग के वरुण आईनॉक्स थिएटर में एक साथ देखा। खिलाड़ियों के लिए यह मौका सिर्फ मनोरंजन का नहीं, बल्कि टीम बॉन्डिंग का भी रहा। सोशल मीडिया पर इससे जुड़े वीडियो और तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिनमें खिलाड़ी फिल्म का आनंद लेते नजर आए।

धुरंधर के बाद दूसरी बार साथ में मूवी देखने पहुंची टीम

धुरंधर के बाद बॉर्डर 2 दूसरी ऐसी फिल्म है, जिसे टीम इंडिया ने किसी इंटरनेशनल सीरीज के दौरान सभी खिलाड़ियों के साथ थिएटर में जाकर देखा। इससे पहले दिसंबर 2025 में जब भारतीय टीम साउथ अफ्रीका के खिलाफ T20 सीरीज के लिए लखनऊ में थी, तब पूरी टीम ने अक्षय खन्ना और रणबीर सिंह स्टारर फिल्म ‘धुरंधर’ देखी थी।

क्लीन स्वीप पर नजर

न्यूजीलैंड के खिलाफ 5 मैचों की T20 सीरीज में टीम इंडिया पहले ही शुरुआती तीन मुकाबले जीतकर सीरीज अपने नाम कर चुकी है। अब भारतीय टीम की नजर बाकी बचे दो मुकाबले जीतकर क्लीन स्वीप करने पर है। माना जा रहा है कि बॉर्डर 2 देखने के बाद खिलाड़ी उसी जोश और ऊर्जा के साथ चौथे T20 में मैदान पर उतरेंगे।

वाइजैग में भारत का T20 रिकॉर्ड

वाइजैग में न्यूजीलैंड के खिलाफ यह भारत का पहला T20 इंटरनेशनल मुकाबला होगा। इससे पहले भारतीय टीम यहां ऑस्ट्रेलिया, श्रीलंका और साउथ अफ्रीका के खिलाफ कुल 4 T20 मैच खेल चुकी है, जिसमें उसे 3 में जीत और 1 में हार का सामना करना पड़ा है।

अब देखना दिलचस्प होगा कि मूवी ब्रेक के बाद टीम इंडिया मैदान पर भी वही जोश दिखा पाती है या नहीं।