02 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
Sports Desk: पाकिस्तान के टी20 कप्तान सलमान अली आगा ने टी20 विश्व कप में भारत के खिलाफ मुकाबले के बहिष्कार को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने साफ किया कि यह फैसला खिलाड़ियों का नहीं है और टीम पाकिस्तान सरकार व पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के निर्देशों का पालन करेगी।
सलमान आगा ने कहा कि पाकिस्तान की टीम विश्व कप में हिस्सा ले रही है, लेकिन भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले ग्रुप मैच को लेकर जो निर्णय लिया गया है, वह सरकार और बोर्ड का है। खिलाड़ियों की इसमें कोई भूमिका नहीं है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टी20 मैच के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, “हम विश्व कप खेलने जा रहे हैं। भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलने का फैसला हमारा नहीं है। हमें जो निर्देश मिलेंगे, हम उसी के अनुसार चलेंगे।”
भारत और पाकिस्तान के बीच यह मुकाबला श्रीलंका के कोलंबो में प्रस्तावित है। भारतीय टीम ने आईसीसी प्रोटोकॉल का पालन करने का फैसला किया है और मैच के लिए श्रीलंका जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, भारतीय टीम अभ्यास और प्रेस कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेगी, जबकि टॉस के दौरान कप्तान सूर्यकुमार यादव मैदान पर मौजूद रहेंगे और मैच रेफरी के आधिकारिक फैसले का इंतजार किया जाएगा।
इस बीच, पाकिस्तान के इस रुख से आईसीसी भी संतुष्ट नहीं है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने संकेत दिए हैं कि टूर्नामेंट में चयनित मैचों का बहिष्कार वैश्विक प्रतियोगिता की भावना के खिलाफ है, जहां सभी क्वालिफाई करने वाली टीमों को समान शर्तों पर खेलना चाहिए।













