02 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पश्चिमी यूपी में शनिवार देर रात से शुरू हुई बारिश रविवार को भी रुक-रुक कर जारी रही। गरज-चमक, तेज हवाओं और ओलावृष्टि के चलते ठंड और नमी का असर बढ़ गया है। मौसम विभाग ने सोमवार और मंगलवार के लिए भी कई जिलों में अलर्ट जारी किया है।
रविवार को पश्चिमी यूपी के जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। बागपत में सबसे ज्यादा 25 मिमी बारिश हुई, जबकि बिजनौर में 16 मिमी और मुरादाबाद में 15 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर से यह बारिश अब मध्यांचल, अवध क्षेत्र और बुंदेलखंड तक फैल सकती है।
इस दौरान कई जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर और अमरोहा में ओलावृष्टि की भी खबरें सामने आई हैं। वहीं, बरेली, प्रयागराज और कानपुर में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता काफी कम हो गई।
मौसम विभाग ने सोमवार को पश्चिमी यूपी के 27 जिलों में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि और 16 जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की चेतावनी दी है। राजधानी लखनऊ में भी अगले दो दिनों तक हल्की बूंदाबांदी के आसार हैं।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मौसम में यह बदलाव 4 फरवरी तक बना रह सकता है। तराई क्षेत्रों में बारिश के साथ-साथ कोहरे का असर भी देखने को मिलेगा।
इन जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी:
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, जालौन, झांसी, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, हमीरपुर, महोबा और ललितपुर समेत आसपास के इलाके।
झोंकेदार हवाओं का अलर्ट (40–50 किमी/घंटा):
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बिजनौर, जालौन और झांसी।
वज्रपात की चेतावनी:
बांदा, फतेहपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली सहित पश्चिमी और मध्य यूपी के कई जिलों में बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।













