टी20 वर्ल्ड कप: पाकिस्तान के बहिष्कार के बावजूद ICC नियमों पर कायम भारत, मैच के लिए श्रीलंका पहुंचेगी टीम इंडिया

02 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Sports Desk: टी20 विश्व कप की शुरुआत में अब सिर्फ पांच दिन बचे हैं, लेकिन भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ मैच खेलने से इनकार कर दिया है, इसके बावजूद भारतीय टीम ने साफ कर दिया है कि वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के सभी प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन करेगी और तय कार्यक्रम के अनुसार श्रीलंका जाएगी।

भारत और पाकिस्तान एक ही ग्रुप में शामिल हैं और दोनों के बीच 15 फरवरी को कोलंबो में मुकाबला प्रस्तावित है। न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम मैच के लिए कोलंबो पहुंचेगी और मैच रेफरी के आधिकारिक फैसले का इंतजार करेगी। भारत का रुख साफ है कि वह किसी भी तरह से नियमों का उल्लंघन नहीं करेगा।

अभ्यास और प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी लेगी हिस्सा
सूत्रों के अनुसार, भारतीय टीम इस मुकाबले से जुड़े सभी औपचारिक कार्यक्रमों में भाग लेगी। टीम तय शेड्यूल के मुताबिक अभ्यास सत्र करेगी, मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल होगी और समय पर स्टेडियम भी पहुंचेगी। इसके बाद भारतीय खिलाड़ी मैच रेफरी के मुकाबला रद्द करने या आगे की प्रक्रिया से जुड़े निर्णय का इंतजार करेंगे।

पाकिस्तान के रुख में बार-बार बदलाव
पाकिस्तान ने पहले अप्रत्यक्ष रूप से टी20 विश्व कप में हिस्सा नहीं लेने की धमकी दी थी, लेकिन बाद में यू-टर्न लेते हुए टूर्नामेंट खेलने पर सहमति जताई। हालांकि, उसने भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करने का फैसला बरकरार रखा। पाकिस्तान सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बयान जारी कर कहा कि उसकी टीम 15 फरवरी को भारत के खिलाफ मैदान पर नहीं उतरेगी, हालांकि इस फैसले की कोई ठोस वजह नहीं बताई गई।

भारत का रिकॉर्ड मजबूत
मौजूदा चैंपियन भारतीय टीम शानदार फॉर्म में है और हाल ही में न्यूजीलैंड को पांच मैचों की टी20 सीरीज में 4-1 से मात दी है। टी20 विश्व कप में भारत का पाकिस्तान के खिलाफ रिकॉर्ड बेहद मजबूत रहा है। अब तक खेले गए आठ मुकाबलों में भारत ने सात में जीत दर्ज की है, जबकि पाकिस्तान को सिर्फ एक मैच में सफलता मिली है।

ग्रुप ए का समीकरण
पाकिस्तान ग्रुप ए में भारत, नामीबिया, नीदरलैंड्स और अमेरिका के साथ शामिल है। उसे अपने सभी मुकाबले श्रीलंका में खेलने हैं, जो भारत के साथ इस टूर्नामेंट का सह-मेजबान है। पाकिस्तान सात फरवरी को नीदरलैंड्स के खिलाफ अपना पहला मैच खेलेगा, इसके बाद 10 फरवरी को अमेरिका और 18 फरवरी को नामीबिया से भिड़ेगा। अगर पाकिस्तान भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार करता है, तो उसे उस मुकाबले के दो अहम अंक गंवाने पड़ सकते हैं।