Home Hindi सूर्यकुमार यादव बोले-‘आउट ऑफ फॉर्म नहीं, सिर्फ आउट ऑफ रन’

सूर्यकुमार यादव बोले-‘आउट ऑफ फॉर्म नहीं, सिर्फ आउट ऑफ रन’

सूर्यकुमार यादव बोले-‘आउट ऑफ फॉर्म नहीं, सिर्फ आउट ऑफ रन’

15 दिसंबर, 2025 फैक्ट रिकॉर्डर

Sports Desk:  मैच कोई भी हो, मैदान कोई भी हो और विरोधी कोई भी—इस साल T20 इंटरनेशनल में सूर्यकुमार यादव के बल्ले से रन नहीं निकल पा रहे हैं। धर्मशाला में साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीसरे T20 में टीम इंडिया ने जीत दर्ज कर 2-1 की बढ़त तो बना ली, लेकिन कप्तान सूर्यकुमार की फॉर्म पर सवाल जस के तस बने हुए हैं।

धर्मशाला T20I में भी सूर्यकुमार यादव कुछ खास नहीं कर सके। वह 11 गेंदों में 12 रन बनाकर लुंगी एनगिडी का शिकार हुए। इसके साथ ही उनके अर्धशतक का इंतजार और लंबा हो गया—T20I में उन्हें 21 पारियां बीत चुकी हैं, लेकिन फिफ्टी अब तक नहीं आई है।

2025 में आंकड़े भी दे रहे हैं चिंता
पिछली 21 T20I पारियों में सूर्यकुमार ने महज 239 रन बनाए हैं—औसत 13.27 और स्ट्राइक रेट 118.90 रहा है। इनमें से 20 मैच उन्होंने 2025 में खेले, जहां 213 रन बने, औसत 14.20 रहा और एक भी अर्धशतक नहीं आया। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद 47 रन है।

फैंस और विशेषज्ञों की चिंता
फैंस ही नहीं, बल्कि पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ भी मानते हैं कि T20 वर्ल्ड कप 2026 के लिहाज से सूर्यकुमार का फॉर्म टीम इंडिया के लिए चिंता का विषय है—यहां तक कि शुभमन गिल से भी ज्यादा।

सूर्या का जवाब— ‘आउट ऑफ फॉर्म नहीं’
हालांकि, खुद सूर्यकुमार यादव इस आकलन से सहमत नहीं हैं। तीसरे T20 के बाद उन्होंने कहा कि वह नेट्स में अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं और रन सही समय पर आएंगे। उन्होंने साफ कहा—वह आउट ऑफ फॉर्म नहीं हैं, बस “आउट ऑफ रन” हैं।