27 मार्च 2026 फैक्ट रिकॉर्डर
National Desk: उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में पुलिस ने सड़क सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने के लिए बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान ट्रकों पर तेज आवाज में अश्लील गाने बजाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 130 अवैध हूटर और लाउडस्पीकर हटाकर बुलडोजर से नष्ट कर दिए गए।
यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में गुरुवार को लोढ़ी टोल प्लाजा, रॉबर्ट्सगंज समेत कई क्षेत्रों में की गई। पुलिस ने ट्रकों और उनके केबिन के बाहर लगे अवैध साउंड सिस्टम को मौके पर ही हटवाया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के उपकरण न केवल ध्वनि प्रदूषण फैलाते हैं, बल्कि सड़क पर अन्य चालकों का ध्यान भंग कर दुर्घटनाओं का कारण भी बनते हैं। इसलिए ट्रक चालकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे ऐसे उपकरणों का इस्तेमाल न करें और यातायात नियमों का पालन करें।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, मुरादाबाद जिले के कुंदरकी क्षेत्र में भी नियमों के विरुद्ध धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकर हटाने का अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि दोबारा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













