बजट के असर से शेयर बाजार में कमजोरी, सेंसेक्स-निफ्टी मामूली गिरावट के साथ खुले

02 फरवरी 2026 फैक्ट रिकॉर्डर

Business Desk: हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को घरेलू शेयर बाजार ने सुस्त शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही लाल निशान में नजर आए। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 18.59 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की गिरावट के साथ 80,704.35 के स्तर पर खुला। वहीं, एनएसई निफ्टी 28.95 अंक या 0.12 प्रतिशत फिसलकर 24,796.50 पर पहुंच गया।

दरअसल, 1 फरवरी को केंद्रीय बजट पेश किए जाने के कारण रविवार को भी बाजार में कारोबार हुआ था। बजट भाषण के दौरान वित्त मंत्री ने फ्यूचर्स और ऑप्शंस (F&O) ट्रेडिंग पर सिक्योरिटीज ट्रांजैक्शन टैक्स (STT) बढ़ाने की घोषणा की, जिसका असर बाजार की धारणा पर साफ दिखा। इस ऐलान के बाद निवेशकों में बिकवाली बढ़ी और बेंचमार्क सूचकांकों में करीब दो प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई।

बजट से जुड़ी घोषणाओं के असर का मूल्यांकन निवेशक अभी कर रहे हैं, जिसके चलते बाजार में फिलहाल उतार-चढ़ाव का माहौल बना हुआ है।