Home Hindi बटाला में तेज रफ्तार थार का कहर: बेकाबू होकर मजदूर को कुचला,...

बटाला में तेज रफ्तार थार का कहर: बेकाबू होकर मजदूर को कुचला, मौके पर हुई मौ*त

12 July 2026 Fact Recorder

Punjab Desk: पंजाब के बटाला में अमृतसर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को तेज रफ्तार थार की टक्कर से एक दर्दनाक हादसा हो गया। बेकाबू हुई थार सड़क के डिवाइडर पर चढ़ गई, कई मीटर तक डिवाइडर तोड़ते हुए दो बिजली के खंभों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया और सड़क किनारे काम कर रहे एक मजदूर को कुचल दिया। हादसे में मजदूर की मौके पर ही मौ*त हो गई।

प्रत्यक्षदर्शी भूपिंदर सिंह के अनुसार, थार की रफ्तार करीब 120 किलोमीटर प्रति घंटा थी। तेज गति के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। वाहन पहले डिवाइडर से टकराया, फिर दो बिजली के खंभों को तोड़ते हुए सड़क किनारे काम कर रहे मजदूर को अपनी चपेट में ले लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि मजदूर करीब पांच फुट हवा में उछलकर सड़क पर जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने चालक को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

थाना सिविल लाइन के एएसआई प्रगट सिंह ने बताया कि आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।